सनसनीख़ेज़ वारदात: इंदौर। व्यापारी से 10 लाख की लूट,रुपये से भरा बैग नहीं दिया तो बदमाशों ने दनादन चाकू मारे

इंदौर के व्यस्तम मार्ग नसिया रोड़ पर शनिवार रात बाइक सवार चार बदमाशों ने लोहा कारोबारी शाहनवाज खान से 10 लाख रुपये लूट लिए। रुपयों से भरा बैग न छोड़ने पर बदमाशों ने कारोबारी पर दनादन चाकूओं से हमला कर दिया। उन्हें गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी निकाले जा रहे हैं।

घटना छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र की है। हमला श्यामनगर (माणिकबाग) निवासी 38 वर्षीय शाहनवाज पुत्र अशरफ खान पर हुआ है। खान की हाथीपाला में आनंद आयर्न ट्रेडर्स के नाम से लोहे की चद्दरों की दुकान है। शनिवार रात करीब पौने दस बजे खान दुकान बंद कर छावनी की तरफ जा रहे थे। जैसे ही गुजराती कालेज (नसिया रोड़) के समीप पहुंचे, बाइक पर आए चार बदमाशों ने बैग छीनने का प्रयास किया। खान मंशा भांप गए और बैग को कस कर पकड़ लिया। आरोपितों ने उन्हें रोक लिया और हाथ, सिर और गर्दन पर चाकूओं से हमला कर बैग छीन लिया।

चाकू लगने के बाद कर्मचारी को काल कर बुलाया – खान के बड़े भाई नवाब के मुताबिक, बैग में 10 लाख रुपये, लैपटाप और खरीदी-ब्रिकी का हिसाब था। घटना के आधे घंटे बाद पुुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और जांच में जुट गए। देर रात एडिशनल डीसीपी जोन-3 राजेश रघुवंशी व अन्य पुलिस अफसर अस्पताल पहुंचे और घायल के बयान लिए। शाहनवाज ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने रुकने के लिए इशारा किया था। चाकू लगने के बाद वह गिर गया और कर्मचारी जाकिर को काल कर बुलाया। जाकिर उसे अस्पताल ले गया। थोड़ी देर बाद शाहनवाज के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।

सीसीटीवी फुटेज से तलाश – डीसीपी जोन-3 धर्मेंद्रसिंह भदौरिया के मुताबिक, कारोबारी को हमला कर लूटा है, लेकिन रुपये की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। आरोपितों की तलाश में टीमें गठित कर दी गई हैं। घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाले जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *