
जम्मू-कश्मीर में पुलिस ने ऐसे ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को PMO का अफसर बताता था। गुजरात के रहने वाले इस शख्स का नाम किरण भाई पटेल है। वह खुद को PMO का अतिरिक्त निदेशक (रणनीति और अभियान) बताता था।उसकी पहचान गुजरात निवासी जगदीश पटेल के पुत्र किरण पटेल के रूप में हुई। जालसाज ने खुद को पीएमओ का अतिरिक्त निदेशक बताकर जम्मू-कश्मीर पुलिस से जेड-प्लस सुरक्षा कवर, एक बुलेटप्रूफ महिंद्रा स्कॉर्पियो एसयूवी, एक पांच सितारा होटल में आधिकारिक आवास और बहुत कुछ ले रहा था। रिपोर्टों के अनुसार, पटेल ने घाटी में कई जगहों का दौरा किया और कई लोगों को ठगा है। बताया जा रहा है कि किरण भाई पटेल ने भी इस साल की शुरुआत में श्रीनगर के अपने दो दौरे के दौरान अधिकारियों के साथ कई बैठकें भी कीं।

प्रधानमंत्री कार्यालय में रणनीति और अभियानों के लिए एक अतिरिक्त निदेशक होने का दिखावा करने वाले पटेल को कम से कम 10 दिन पहले गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उनकी गिरफ्तारी को पुलिस ने गुप्त रखा था। गुरुवार को मजिस्ट्रेट की ओर से न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उनकी गिरफ्तारी का ब्योरा सामने आया। हालांकि यह साफ नहीं है कि उनकी गिरफ्तारी के दिन ही प्रथम सूचना रिपोर्ट यानी एफआईआर दर्ज की गई थी या इसे दर्ज करने में कुछ देरी हुई थी।

किरण भाई पटेल का ट्विटर अकाउंट भी वैरिफाइड है और उनके एक हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। इनमें गुजरात बीजेपी के महासचिव प्रदीपसिंह वाघेला भी शामिल हैं। उन्होंने अर्धसैनिक गार्डों से घिरे कश्मीर में अपनी ‘आधिकारिक यात्राओं’ के कई वीडियो और तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें से आखिरी शेयर 2 मार्च को था।
अपने ट्विटर बायो में ढोंगी किरण भाई पटेल ने कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी, वर्जीनिया से पीएचडी, आईआईएम त्रिची से एमबीए, साथ ही कंप्यूटर साइंस में एम.टेक और बी.ई. कंप्यूटर इंजीनियरिंग में करने का जिक्र किया है। पटेल ने आगे खुद को “विचारक, रणनीतिकार, विश्लेषक और अभियान प्रबंधक” के रूप में बताया है।
ठग की घाटी में पहली यात्रा फरवरी में हुई थी जब उसने स्वास्थ्य रिसॉर्ट्स का दौरा किया था। अर्धसैनिक बल और पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों की यात्रा करने के उसके कई वीडियो हैं। वह अर्धसैनिक गार्डों के साथ बडगाम के दूधपथरी में बर्फ के बीच से गुजरते नजर आ रहा है। वह श्रीनगर में क्लॉक टॉवर लाल चौक के सामने फोटो खिंचवाता भी दिख रहा है।सूत्रों का कहना है कि पटेल ने गुजरात से अधिक पर्यटकों को लाने और दूधपथरी को एक प्रमुख पर्यटन स्थल बनाने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठकें भी कीं। दो सप्ताह के भीतर अपने दूसरे दौरे पर श्रीनगर आने के बाद पटेल संदेह के घेरे में आ गया। सूत्रों ने कहा कि एक आईएएस अधिकारी, जो एक जिला मजिस्ट्रेट हैं, ने पिछले महीने एक वरिष्ठ पीएमओ अधिकारी की यात्रा के बारे में पुलिस को सूचित किया।
खुफिया एजेंसियों ने पुलिस को पीएमओ के एक अधिकारी के रूप में एक ठग के बारे में सतर्क किया। उसकी पृष्ठभूमि की पुष्टि करने के बाद पुलिस को श्रीनगर के एक होटल से उस व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए कहा गया। सूत्रों का कहना है कि दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ गड़बड़ी और समय पर ढोंगी का पता लगाने में विफलता के लिए कार्रवाई शुरू की गई है। सूत्रों ने कहा कि गुजरात पुलिस की एक टीम भी जांच में शामिल हो रही है।