
महाराष्ट्र से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे (Mumbai-Pune Expressway) पर गुरुवार को बड़ा हादसा हुआ. ब्रेक फेल होने की वजह से एक ट्रक ने कई गाड़ियों को टक्कर मार दी. इस हादसे में 6 लोग जख्मी हो गए हैं. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रायगढ़ जिले में खोपोली के पास ट्रक ने कम से कम 12 गाड़ियों को टक्कर मारी, जिसमें छह लोग घायल हो गए.
अधिकारी ने बताया, ‘हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. फिर घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे की वजह से कुछ वक्त के लिए मुंबई की ओर जाने वाला यातायात प्रभावित रहा.’
मार्च में भी हुआ था बड़ा हादसा
बता दें कि मार्च में भी मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक कार और ट्रक में भिड़ंत हो गई थी. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी. हादसा उरसे गांव के नजदीक हुआ था. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में मरने वालों में से एक की पहचान विजय विश्वनाथ खैर के तौर पर की गई थी.
पुलिस का कहना था कि कार में सवार लोग पुणे से मुंबई की ओर जा रहे थे. इस दौरान रोड के किनारे खड़े एक ट्रक से इसकी टक्कर हो गई. हादसे में ड्राइवर सहित 3 लोगों की मौत हो गई थी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी. फिर मृतकों के शरीर को अस्पताल भेज दिया गया था.
पुलिस का कहना था कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार तकरीबन ट्रक के नीचे चली गई थी. हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक प्रभावित हो गया था. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद आवाजाही नॉर्मल हो गई थी.