इंदौर। युवक ने खुद को NCB अफसर बताकर रचाईं 7 शादियां, पत्नी के शक के बाद हुआ बड़ा खुलासा

 

शहर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक शख्स ने नारकोटिक्स विभाग का फर्जी अफसर बनकर सात शादियां रचा लीं. और तो और दो महिलाओं से तीन बच्चे भी हो गए. तीन महिलाओं से उसका तलाक हो गया है और दो पत्नियों ने उस पर रेप का केस दर्ज करा दिया है. अब कई राज्यों की पुलिस इस आरोपी की तलाश कर रही है. पुलिस को पता चला है कि वह सोशल मीडिया के जरिये महिलाओं को बहलाता-फुसलाता था. हैरानी की बात यह है कि ठगी गई महिलाओं में अच्छे-खासे सरकारी पदों पर काम करने वाली महिलाएं भी हैं. इस आरोपी ने उनसे शादी की और उन्हीं के रुपयों पर ऐश भी करता रहा.

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की डिप्जी रेंजर अफसर ने थाने में शिकायत की. पुलिस ने बताया कि महिला के पति का नाम इंद्रनाथ है. उसने नारकोटिक्स विभाग का नकली आईडी कार्ड बना रखा है. इंद्रनाथ ने डिप्टी रेंजर पत्नी अनीता की लाखों रुपये की जमा पूंजी ठग ली. पत्नी के नाम से एक कार लेकर खुद रख ली. इसकी किश्तें पत्नी अनिता को जमा करना पड़ रही हैं. अनीता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे रोहित लाकड़ा बनकर पहचान की थी. उसने इंस्टाग्राम के जरिये नवंबर 2021 में दोस्ती की. फिर वह मैसेज करने लगा. वह खुद को सेन्ट्रल गर्वमेंट का अफसर बताकर बातें करने लगा. वह अनीता से कहने लगा कि वह भी छत्तीसगढ़ स्टेट का कर्मचारी है. दोनों में अच्छी जमेगी.

इस तरह आरोपी ने रचा सारा खेल
अनीता उसे इग्नोर करती रही, लेकिन आरोपी इंद्रनाथ ने एक दिन के लिए उसे रायपुर मिलने बुलाया. 15 नवंबर 2021 को उसने अनीता को होटल में ही रुकने के लिए कहा और यहीं आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली. पीड़िता ने परिवार से मिलने और मिलाने की बात कही तो इंद्रनाथ ने यह कहकर टाल दिया कि वह उसे पसंद करता है. परिवार को बाद में समझा लेगा. अनीता को शुरुआत में इंद्रनाथ पर शंका नहीं हुई. वो पोस्टिंग में बाहर रहने के दौरान किसी न किसी बात पर रुपये मांगने लगा. एक दिन इंद्रनाथ एक महिला से बात कर रहा था. इस पर अनीता को शक हुआ. अनीता ने जब उसे पकड़ा तो वो कहने लगा कि वह दोस्त है. इसके बाद अनिता ने इंस्टाग्राम पर इंद्रनाथ से जुड़ी लड़कियों को फॉलो करना शुरू किया.

पत्नी ने यूं पता लगाई पति की सच्चाई
इस दौरान कुछ महिलाओं पर शक होने के बाद अनीता ने उनसे बातचीत की. इन महिलाओं ने बताया कि इंद्रनाथ के साथ उनकी शादी हुई है. पीड़िता यहीं नहीं रुकी. उसने सोशल मीडिया से कई ऐसी महिलाओं का पता लगाया, जिनका इंद्रनाथ ने शोषण किया था. इन सभी से इंद्रनाथ ने शादी की थी. अनीता ने एक दिन मौका पाकर रोहित का कार्ड निकाल लिया. उसने ये कार्ड एनसीबी के दिल्ली ऑफिस को मेल पर भेजा. उसने इस कार्ड की सत्यता के बारे में एनसीबी से जानकारी मांगी. वहां से पता चला कि ये कार्ड फर्जी है और एनसीबी में इंद्रनाथ नाम का न कोई अधिकारी है न कर्मचारी. इसके बाद अनीता ने रायगढ़ के धर्मजयगढ़ थाने में इंद्रनाथ उर्फ रोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी. वहीं इंदौर से नारकोटिक्स विभाग से अफसर की रिपोर्ट बनाकर भेजी गई. इस तरह इंदौर में भी उसके खिलाफ एनसीबी के नाम पर धोखाधड़ी का केस दर्ज हो गया.

पुलिस जांच से उड़े सभी के होश
पुलिस जांच में इस नकली अफसर की ऐसी सच्चाई सामने आई कि सबके होश उड़ गए. ये शख्स खुद को एनसीबी का अफसर बताकर न केवल लोगों पर धौंस जमाता था, बल्कि इसने झूठ बोलकर एक, दो नहीं बल्कि 7 महिलाओं से शादी तक रचा ली. अब उन्हीं में से एक पत्नी ने इसकी पोल खोली दी है. इंदौर में फर्जी दस्तावेज से शुरू हुई कहानी में नया मोड़ आ गया. जिस आरोपी की पूरे देश में तलाश की जा रही है वो इंदौर ही नहीं बल्कि कई राज्यों के बड़े शहरों में लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है. ये बदमाश बॉलीवुड की फिल्म की तर्ज पर डेटिंग ऐप के माध्यम से लड़कियों को अपना शिकार बनाता है. फर्जी नारकोटिक्स के एसआई ने जबलपुर, दिल्ली, कोलकाता, पटना ओर झारखंड सहित कई राज्यों में शादी रचा ली थी. उस पर दिल्ली ओर छत्तीसगढ़ की महिलाओं ने रेप का केस भी दर्ज कराया हुआ था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *