
इंदौर आए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो गुरुवार को भाजपा ने वायरल कर दिया। इसमें दिग्विजयसिंह भाजपा और आरएसएस पर तंज कसते हुए मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जीत को लेकर उत्साहित दिखाई दे रहे हैं तो इसी वीडियो के दूसरे हिस्से में सामने बैठे पूर्व शहराध्यक्ष विनय बाकलीवाल झपकी लेते हुए दिख रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है कि ‘कमलनाथ समर्थक इंदौर के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजयसिंह की आज इंदौर में मीडिया से चर्चा के दौरान खर्राटे लेते नज़र आए।’ वहीं मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि जल्दी ही इंदौर को शहर कांग्रेस अध्यक्ष मिलेगा जो कांग्रेस को जोड़ने का काम करेगा।

एक सेकंड के लिए आंखें बंद होने को सोना नहीं कहते
वायरल वीडियो के मामले को लेकर विनय बकलीवाल ने कहा की मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस में सोया नहीं था। सिर्फ एक सेकंड के लिए मेरी आंखें बंद हुई थी। एक सेकंड के लिए आंखें बंद होने को सोना नहीं कहते हैं। भारतीय जनता पार्टी झूठ और जुमले की राजनीति करती है। कमल नाथ जी से गद्दारी कर दल बदलू नरेंद्र सलूजा को भाजपा के नेता ही गंभीरता से नहीं लेते।
भाजपा में खुद की अहमियत और जगह बनाने के लिए कांग्रेस के नेताओं पर स्तर हीन और कूट रचित वीडियो बनाकर प्रचार में बने रहने की ओछी राजनीति करना उनकी फितरत है। मैं इंदौर प्रेस क्लब में दिग्विजय सिंह जी की प्रेस वार्ता में ढाई घंटे तक मंच पर रहा। कुछ सेकेंड का विडियो बनाकर यह उस पर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं।