इंदौर। सेल्फी ले रहा स्टूडेंट 700 फीट गहरी खाई में गिरा, 15 घंटे बाद मिला शव

इंदौर में सेल्फी ले रहा कॉलेज स्टूडेंट पैर फिसलने से 700 फीट गहरी खाई में जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। करीब 15 घंटे बाद छात्र का शव बरामद कर लिया गया है।

घटना इंदौर के पास पर्यटन स्थल मुहाड़ी फॉल की है। पुलिस के मुताबिक इलियास कॉलोनी का रहने वाला मोइन उर्फ अनस (19) शनिवार को अपने दोस्त इरफान व अन्य दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने मुहाड़ी फॉल गया था। इस दौरान मोइन और इरफान खाई के पास सेल्फी ले रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और दोनों खाई में जा गिरे।

इरफान झाड़ियों में फंस गया, जिसे उसके दोस्तों ने ऊपर खींच लिया। जिससे उसकी जान बच गई। जबकि मोइन गहराई में चला गया। दोस्तों ने उसे खोजा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद रविवार सुबह एनडीआरएफ और पुलिस की टीम यहां पहुंची। घटना के करीब 15 घंटे बाद रविवार दोपहर को उसका शव मिला।

15 घंटे बाद मिला शव

मोबाइल का नेटवर्क नहीं मिलने के कारण मोइन के दोस्त घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना नहीं दे पाए। ग्रामीणों की मदद से पुलिस तक सूचना पहुंची। रात में सर्च ऑपरेशन नहीं चल पाया। सुबह होते ही एनडीआरएफ की टीम यहां पहुंची। पुलिस के साथ ग्रामीण भी मोइन का पता लगाने में जुटे थे। काफी खोजबीन के बाद मोइन का शव मिला है, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा दिया गया।

बारिश में इंदौर के नजदीक प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर पातालपानी में सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं। इस पिकनिक स्पॉट पर सबसे ज्यादा हादसे भी होते हैं। 2011 में एक पूरा परिवार ही इसमें समा गया था। इसके बावजूद भी कई लोग आज भी खतरा उठाते देखे जा सकते हैं। सुरक्षा के इंतजामों पर भी कोई ध्यान नहीं देता।

हालांकि महू पुलिस का दावा है कि यहां रविवार से ज्यादा पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। जो लोग कानून का उल्लंघन करेंगे उन पर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। दरअसल बारिश के दौरान पातालपानी में मलेंडी नदी का पानी तेज बहाव के साथ आता है।

शनिवार को कई लोग यहां घूमने आए और इनमें से कई लोग पहाड़ी और झरने से लगी रैलिंग को पार करके बीच झरने के बीच फोटो और सेल्फी लेने लगे। इन पर्यटकों को रोकने के लिए ना तो यहां पर कोई पुलिसकर्मी नजर आया और ना ही पंचायत का कोई चौकीदार।

जिम्मेदारों और प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि अभी से पर्यटकों को नियंत्रित नहीं किया गया तो कभी भी 2011 जैसा हादसा होने की आशंका है। तब यहां पूरा परिवार तेज पानी में बह गया था, जिसका वीडियो आज भी लोगों को दिल दहला देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *