मध्यप्रदेश भाजपा चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के साथ मारपीट होते होते बची, गनमैन की हुई पिटाई
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर भाजपा ने मध्यप्रदेश में अपने प्रत्याशियों की 5वीं सूची जारी कर दी है। पांचवी सूची जारी होने के बाद भाजपा में विरोध प्रदर्शन शुरु हो गया है। जबलपुर में तो बीजेपी कार्यालय में उस वक्त हंगामा मच गया जब विरोध प्रदर्शन कर रहे भाजपा के कार्यकर्ता केन्द्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव के साथ झूमाझटकी कर दी। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों ने भूपेन्द्र यादव के गनर के साथ भी मारपीट करते हुए पिस्टल छीनने की कोशिश की।
भाजपा चुनाव प्रभारी के साथ झूमाझटकी
भाजपा की पांचवी सूची जारी होते ही जबलपुर में हंगामा मच गया। जबलपुर उत्तर विधानसभा सीट पर अभिलाष पांडे को टिकट दिए जाने और शरद जैन को टिकट नहीं दिए जाने के विरोध में सैकड़ों बीजेपी प्रत्याशी जमा हो गए। जिस वक्त ये सारा हंगामा हुआ भाजपा कार्यालय में केन्द्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव भी मौजूद थे जिन्होंने विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की। इस दौरान भूपेन्द्र यादव के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने झूमाझटकी की है और उनके गनर के साथ मारपीट भी की है जिसका एक वीडियो भी सामने आया है।
राज्यसभा सांसद विवेक तनखा ने ट्वीट किया वीडियो
राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विवेक तनखा ने भाजपा में टिकट ऐलान के बाद मचे इस घमासान को लेकर भाजपा पर चुटकी ली है। उन्होंने भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव के साथ हुई झूमाझटकी का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है- जबलपुर में टिकट बंटवारे से भड़के बीजेपी कार्यकर्ता। यहां ये भी बता दें कि बीजेपी दफ्तर में प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की है।