इंदौर। एरोड्रम थाने में कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला और भाजपा समर्थक भिड़े , आई मारपीट की नौबत- देखें VIDEO

इंदौर विधानसभा एक में कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला और भाजपा समर्थकों में मारपीट की नौबत आ गई। संजय शुक्ला यहां से विधायक भी हैं और कांग्रेस के टिकट पर फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं भाजपा ने यहां से राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय को टिकट दिया है।

बुधवार रात संजय शुक्ला एरोड्रम थाने पर अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। उन्होंने टीआई से कहा कि कांग्रेस पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं से भाजपा कार्यकर्ताओं ने छेड़छाड़ की है और रिपोर्ट नहीं लिखी जा रही है। महिलाएं तीन घंटे तक थाने में बैठी रही हैं फिर भी किसी ने रिपोर्ट नहीं लिखी है। संजय जब टीआई से बात कर रहे थे तभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी बात का विरोध किया। इस पर संजय शुक्ला और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुज्जत होने लगी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से दोनों पक्षों को शांत किया।

शुक्ला ने लगाया पुलिस और चुनाव आयोग पर भाजपा से मिले होने का आरोप

थाने से निकलने के बाद शुक्ला ने कहा कि जिन महिलाओं के साथ छेड़छाड़ हुई उनकी थाने में रिपोर्ट नहीं लिखी गई। वे तीन घंटे तक थाने में बैठी रहीं। पुलिस ने उनसे कहा कि पर्याप्त बल नहीं है। इसके बाद मुझे खुद यहां पर आना पड़ा। इससे पहले हमने इसी क्षेत्र में शराब बांटने वालों को पकड़ा। शुक्ला ने आरोप लगाया कि गली गली में नशा बंटवाया जा रहा है। उन्होंने कैलाश विजयवर्गीय का नाम लिए बिना कहा कि इस क्षेत्र के भाजपा प्रत्यासी यह सब कर रहे हैं। आज जब मैं थाने पहुंचा तो थाने में पुलिस के सामने बदतमीजी की गई। यदि आज इतनी गुंडागर्दी है तो आगे क्या होगा। हम लगातार चुनाव आयोग और पुलिस को इन मामलों की शिकायत कर रहे हैं लेकिन कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है।

दोपहर में दो दुकानें हुई सील

गौरतलब है कि आज दोपहर में ही कांग्रेस ने विधानसभा एक में एक दुकान पर छापा मारकर बड़ी संख्या में साड़ियां और महिलाओं के लिए अन्य गिफ्ट पकड़े हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि भाजपा के कार्यकर्ता इसे बंटवा रहे हैं। कांग्रेस ने यह वीडियो भी वायरल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *