इंदौर। कपड़ा व्यापारी के साथ ठगी, फूल सुंघाकर बेहोश किया, फिर जेवर उतारकर ले भागे

व्यापारी को फूल सुंघाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। अन्नपूर्णा इलाके में कार से आए नागा साधु ने व्यापारी को रोका और उज्जैन जाने का पता पूछा। फिर फूल सुंघा दिया और जेवर उतारकर ले भागे।

अन्नपूर्णा एसीपी नंदिनी शर्मा के अनुसार सुदामा नगर ई-सेक्टर में निवासी राजेश लाखोटिया (53) की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। राजेश ने बताया मेरा कपड़ा मार्केट में कारोबार है। 25 नवंबर को मॉर्निंग वॉक पर निकला था। लक्की बेकरी की तरफ से घर आने लगा तो सफेद कार आकर रुकी। उसमें आगे ड्राइवर था और पीछे नागा साधु जैसा व्यक्ति था। ड्राइवर ने उज्जैन का पता पूछा। साधु कार से उतरा और बोला कि तुम्हारे दो बेटे हैं, तुमसे कुछ बात करना चाहता हूं। हम पास में स्थित मंदिर में जाकर बैठ गए। साधु ने गेंदे का फूल देकर कहा सूंघो। उसे सूंघते ही बेचैनी होने लगी। कुछ होश नहीं रहा। बाबा के वेश में आए आरोपी मेरी सोने की चेन व दो अंगूठी ले भागे। होश आने पर मैं घर पहुंचा।

अन्य लोगों को भी झांसे में लेकर लूटना चाहा- मैंने आसपास के लोगों को घटना बताई। तभी एक व्यक्ति बोला कि वे एक अन्य आदमी से भी पता पूछ रहे थे, लेकिन वह झांसे में नहीं आया। फिर दोनों मुकेरीपुरा मस्जिद के आगे कार लेकर खड़े हो गए। वहां साधु ने एक्टिवा सवार को रोका और उसे तिलक लगाने लगा तो एक्टिवा सवार पीछे हट गया। मैं वहां भी गया, लेकिन तब तक वे जा चुके थे। पुलिस को आरोपियों के फुटेज मिले हैं।

सीसीटीवी में सफेद कार नजर आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *