
इंदौर में बीजेपी संगठन ने अपने नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है। नेताओं को यह नोटिस कार्यवाहक जिला अध्यक्ष घनश्याम नारोलिया ने जारी किया है। बीजेपी सूत्रों ने बताया कि संगठन ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के खिलाफ काम करने वालों पर सख्त रुख अपनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
महू विधानसभा में पार्टी के घोषित प्रत्याशी के खिलाफ काम करने के चलते 7 पदाधिकारियों से जवाब मांगा गया है। इंदौर कार्यवाहक जिला अध्यक्ष घनश्याम नारोलिया ने बताया कि अभी महू के नेताओं से नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक देपालपुर और सांवेर में भी पार्टी विरोधी काम करने वाले नेताओं की सूची बनाकर उन्हें भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। नेताओं को तीन दिन के अंदर जवाब देना है। जिसे भोपाल पदाधिकारियों के पास भेजा जाएगा। इसके बाद प्रदेश संगठन उचित कार्रवाई करेगा।
बीजेपी सूत्रों ने बताया के जिन नेताओं को अभी नोटिस जारी किया गया है, उनकी शिकायत संगठन को खुद विधायक उषा ठाकुर ने की थी। जिसके बाद संगठन ने नोटिस देकर जवाब मांगा है। बताया जा रहा है कि जिन नेताओं को नोटिस जारी किए गए है। उनके खिलाफ सभी सबूत सहित (ऑडियो/ वीडियो) शिकायत आलाकमान से की गई है।
इन नेताओं को मिला कारण बताओ नोटिस
इंदौर बीजेपी संगठन ने जिन्हें नोटिस दिया है उनमें जिला अध्यक्ष मनोज ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक सोमानी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकरण भाबर, जिला संयोजक खेल प्रकोष्ठ देवेंद्र बिट्टू ठाकुर, पूर्व युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति संतोष पाटीदार, पूर्व बीजेपी मंडल अध्यक्ष धन्नालाल निनामा सहित अन्य नेता शामिल हैं।
बता दें कि इन नेताओं ने महू में स्थानीय प्रत्याशी की मांग को लेकर उषा ठाकुर के विरोध में प्रदर्शन किया था। नोटिस प्राप्त नेताओं ने उषा ठाकुर के विरोध में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया था।

नेताओं को नोटिस में लिखी गई यह बात
संगठन द्वारा जारी किए गए नोटिस में लिखा है कि बीजेपी प्रत्याशी के विरुद्ध आपके द्वारा निरंतर पार्टी विरोधी गतिविधियां की गई है। आपके इस कृत्य की शिकायतें जिला नेतृत्व को प्राप्त हुई हैं, जिससे
पार्टी की छवि धूमिल हुई है।
आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। जिला संगठन के समक्ष आप अमना लिखित या स्वंय उपस्थित होकर स्पष्टीकरण 3 दिवस के अंदर प्रस्तुत करें अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

दो महीने पहले महू में स्थानीय उम्मीदवार की मांग को लेकर BJP पदाधिकारियों ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव को पत्र सौंपा था।

उस समय जो कृत्रिम वातावरण निजी स्वार्थों के कारण खड़ा किया जा रहा था उसका जवाब मतदाता ने दे दिया है। अब निर्णय लेना संगठन का काम है। वही जाने क्या करना है।
उषा ठाकुर मंत्री मध्यप्रदेश
BJP पदाधिकारियों ने चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव से की थी महू में स्थानीय उम्मीदवार की मांग
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले महू विधानसभा में विरोध के स्वर उठे थे। विरोध बाहरी प्रत्याशी को लेकर किया जा रहा था। महू बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने पहले जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान होर्डिंग लगाकर मंत्री उषा ठाकुर का विरोध किया था। फिर बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने इंदौर पहुंचे मध्यप्रदेश के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर स्थानीय नेता को उम्मीदवार बनाने की मांग की थी।

महू के बीजेपी कार्यकर्ताओं का उस समय कहना था कि यहां से पहले 2 बार कैलाश विजयवर्गीय को उम्मीदवार बनाया गया था। पिछले साल उषा ठाकुर को उम्मीदवार बनाया गया। अब हमारे बीच में से ही किसी नेता को उम्मीदवार बनाया जाए