
मध्यप्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसका फैसला आज हो जाएगा। दोपहर 3.50 बजे भोपाल स्थित BJP के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें प्रदेश के नए मुखिया के नाम पर मुहर लग जाएगी।
बैठक में शामिल होने पर्यवेक्षक मनोहर लाल खट्टर (CM हरियाणा), डॉ. के. लक्ष्मण (राष्ट्रीय अध्यक्ष, BJP OBC मोर्चा) और आशा लकड़ा (राष्ट्रीय सचिव भाजपा) प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंच चुके हैं।


सीएम हाउस में शिवराज सिंह ने मनोहर लाल खट्टर और के. लक्ष्मण का बुके देकर स्वागत किया।
विधायक दल की बैठक के अपडेट्स…
• भोपाल एयरपोर्ट पर पारंपरिक लोक नृत्य से पर्यवेक्षकों का स्वागत किया गया। इसके बाद तीनों सीएम हाउस पहुंचे। यहां सीएम शिवराज ने पर्यवेक्षकों का स्वागत किया।
• सीएम शिवराज सिंह, मनोहर लाल खट्टर के साथ कार में बैठकर बीजेपी ऑफिस पहुंचे। पर्यवेक्षक डॉ. के. लक्ष्मण और आशा लकड़ा भी बीजेपी ऑफिस में हैं।
• भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रहलाद पटेल बैठक के लिए बीजेपी ऑफिस पहुंच गए हैं।
तोमर सबसे पहले आए, सिंधिया
अभी दिल्ली में नरेंद्र सिंह तोमर सबसे पहले भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहीं, दूसरी ओर प्रहलाद पटेल के बंगले पर समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया फिलहाल नई दिल्ली में हैं। उनके ऑफिस से बताया गया है कि 4:30 बजे तक आधिकारिक मीटिंग में शामिल होने का शेड्यूल है।
वीडी शर्मा बोले- हम राज्य के लिए सीएम चुनेंगे प्रदेशाध्यक्ष
वीडी शर्मा ने कहा “विधानसभा चुनाव सेमी फाइनल पोल था, जिसमें दिखाया गया कि 2024 में पीएम मोदी एक बार फिर पूर्ण बहुमत से जीतेंगे। पर्यवेक्षक आ रहे हैं और हम राज्य के लिए सीएम चुनेंगे”
पर्यवेक्षक ने कहा- विधायकों से चर्चा कर निर्णय लेंगे
केंद्रीय पर्यवेक्षक के. लक्ष्मण ने कहा, “आज शाम विधायक दल की बैठक होगी। मनोहर लाल खट्टर की तीन सदस्यीय कमेटी विधायकों से चर्चा करेगी। बाद में आलाकमान उस पर निर्णय लेंगे।”

विधायक दल की बैठक के मंच पर 12 कुर्सियां लगाई गई हैं। बैकड्रॉप पर सीएम शिवराज सिंह चौहान का फोटो नहीं है।
विधायकों के सिक्योरिटी गार्ड को भी नहीं मिलेगी एंट्री BJP की ओर से विधायकों को बैठक में शामिल होने की सूचना दी जा चुकी है। आज दोपहर एक बजे तक सभी विधायक BJP ऑफिस पहुंच जाएंगे। विधायकों के बैठने की व्यवस्था मीडिया रूम में की गई है। यहीं विधायकों के लिए लंच भी रखा गया है। पार्टी से जारी शेड्यूल के अनुसार दोपहर एक बजे से तीन बजे तक विधायकों का पंजीयन और लंच होगा। दोपहर 3:30 बजे से विधायक दल की ग्रुप फोटो होगी। दोपहर 3:50 से विधायक दल की बैठक शुरू हो जाएगी। विधायकों को ये निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने गनमैन और सुरक्षाकर्मी को कार्यालय में एंट्री देने के लिए अनुरोध न करें। साथ ही बैठक के पहले मीडिया से चर्चा करने से बचने का भी अनुरोध किया गया है।
दो ग्रुप फोटो सेशन हो सकते हैं
BJP ऑफिस के गार्डन में पं. दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं के करीब स्टेज बनाया गया है। इसी स्टेज पर BJP के सभी विधायकों का ग्रुप फोटो सेशन होगा। संभवतः दो बार ग्रुप फोटो सेशन किया जाएगा। पहला ग्रुप फोटो विधायक दल की बैठक के पहले होगा। दूसरा फोटो सेशन विधायक दल की बैठक के बाद होगा।

BJP ऑफिस में मीडिया की एंट्री नहीं
विधायक दल की बैठक के दौरान आज सुबह से ही BJP ऑफिस के अंदर मीडिया की एंट्री नहीं होगी। प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर ही मीडिया के लिए टेंट लगाया गया है। यहां तक कि 5-6 वाहनों के अलावा किसी भी नेता या विधायक की गाड़ी भी BJP ऑफिस के अंदर नहीं जा सकेगी।
