
देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर कस्टम क्लीयरेंस के बाद एक छात्र का बैग चोरी हो गया। बैग में डॉक्यूमेंट के अलावा व्हिस्की की बोतल भी रखी थी। एरोड्रम थाने में फरियादी जतिन सुखीजा निवासी विनय नगर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है। फरियादी जतिन ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा प्रथम दुबई से इंदौर एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पकड़कर आया था।
इंदौर में कस्टम क्लीयरेंस पर सामान के दो बैग दिए थे। क्लीयरेंस होने के बाद एक बैग तो प्रथम को मिल गया जबकि दूसरा बैग गायब हो गया। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी को सूचना दी, लेकिन कोई मदद नहीं मिली। इसके बाद थाना जाकर प्रकरण दर्ज करवाया।
बैग में कॉलेज के ओरिजिनल डॉक्यूमेंट, 12वीं कक्षा की मार्कशीट्स के साथ ही ड्यूटी फ्री दो बोतल व्हिस्की भी रखी हुई थी। अब एयरपोर्ट के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बैग की तलाश की जा रही है।
मां के साथ जा रही युवती की चेन झपटी
वहीं लसूडिया क्षेत्र में शुक्रवार शाम बाइक सवार लुटेरों ने चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने यहां मां बेटी को निशाना बनाया और चेन झपटकर ले गए। लसूड़िया थाने में फरियादी आयुषी भावसार पिता प्रमोद भावसार निवासी निपानिया की शिकायत पर केस दर्ज किया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां नम्रता भावसार के साथ स्कूटी से बाम्बे अस्पताल सर्विस रोड से जा रही थी तभी जैन हार्डवेयर के नजदीक पीछे से काले रंग की बाइक पर 2 बदमाश आए और उसकी स्कूटी के नजदीक गाड़ी लगाई।
एक बदमाश ने उसकी चेन झपट ली। आयुषी ने शोर भी मचाया और बदमाशों का पीछा करते हुए देवास नाके तक पहुंची, लेकिन बदमाश भाग निकले। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं।