इंदौर। धोखाधड़ी के आरोपी संजय कालरा का नया कारनामा, दुबई के iPhone बेचने के नाम पर मंडी व्यापारी को ठगा – देखें VIDEO

शहर के जूनी इंदौर सहित कई थानों में चार साल पहले 60 से ज्यादा कार किराए से लेकर बेचने और धोखाधड़ी के आरोपी संजय कालरा का नया कारनामा सामने आया है। अब कालरा का नाम तुकोगंज थाने में दर्ज एक शिकायत में सामने आया है।

यहां चोइथराम मंडी के एक सब्जी व्यापारी ने बाहर से आईफोन-15 मंगवाकर बेचने के नाम पर कालरा द्वारा लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस ने कालरा के खिलाफ व्यापारी के बयान दर्ज कर लिए हैं।

पढ़िए शातिर धोखेबाज ने मंडी के व्यापारी को कैसे फंसाया अपने जाल में …

दुबई से 40 आईफोन मंगाने का दिया झांसा

चोइथराम मंडी के सब्जी व्यापारी शक्ति उर्फ नितेश विरहे ने तुकोगंज थाने पर संजय कालरा, निवासी गोपुर चौराहे के खिलाफ साढ़े तीन लाख रुपए की धोखाधड़ी करने की शिकायत की है। इस शिकायत में विरहे ने बताया कि संजय कालरा से एक दोस्त के माध्यम से उनकी पहचान हुई।

थोड़े समय बाद संजय ने दुबई से आईफोन लेकर इंदौर में बेच कर प्रॉफिट देने के नाम पर 2 लाख रुपए कैश और करीब डेढ़ लाख रुपए बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से लिए। कालरा ने दोस्त के माध्यम से विरहे तक खबर पहुंचाई कि 10 अगस्त को आईफोन 15 लॉन्च होने वाला है।

वह दुबई से एक परिचित के जरिए करीब 40 मोबाइल बुलवाएगा। एक मोबाइल पर करीब 35 से 40 हजार की बचत होगी। जिसमें वह करीब 5 लाख का प्रॉफिट निकालकर देगा। शुरुआत में उसने 5 लाख की मांग की। लेकिन नितेश ने 2 लाख ही दिए।

संजय ने भरोसा हासिल करने के लिए दो बार नितेश के अकाउंट में प्रॉफिट बताकर 17-17 हजार रुपए जमा करवाए। इससे नितेश ने भरोसा कर उसे डेढ़ लाख रुपए और दे दिए।

मंडी व्यापारी ने जो आवेदन दिया है, उसे दिखवा रहा हूं। मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संजय के खिलाफ पुराने केस की जानकारी भी मिली है।

– जितेंद्र यादव, तुकोगंज टीआई

पैसे लेकर पुलिस कंट्रोल रूम पर मिलने बुलाया

पुलिस अधिकारियों से जान-पहचान दिखाने के लिए आरोपी ने 1 अगस्त 2023 को मंडी व्यापारी विरहे को रानी सराय स्थित पुराने पुलिस कंट्रोल रूम के इंडियन कॉफी हाउस में मिलने बुलाया। यहां से निकल कर रीगल चौराहे पर पेट्रोल पंप के पास 2 लाख रुपए ले लिए। इसके कुछ समय बाद अन्नपूर्णा इलाके में भी कैश पेमेंट लिया। कुछ पेमेंट उसने अपने अकाउंट में ऑनलाइन ले लिया।

चार माह से कर रहा है टाल मटोल पीड़ित व्यापारी ने जब संजय कालरा से रुपए को लेकर तकादा किया तो उसने कुछ दिन बाद रुपए आने की बात की। बाद में दो चेक विरहे को सौंप दिए। जो बैंक में गलत साइन के चलते बाउंस हो गए। इसके बाद रुपए मांगने पर कालरा महू में पदस्थ एक बड़े पुलिस अफसर के नाम से धमकाने लगा।

इस मामले में जब ने आरोपी से फोन पर बात की तो उसका कहना है कि मंडी व्यापारी से मेरा दो से तीन लाख रुपए का लेनदेन है। इस मामले में मैं थाने में बयान दर्ज करा चुका हूं। जल्द ही व्यापारी के पैसे लौटा दूंगा।

60 से ज्यादा कारों की हेराफेरी में चढ़ा था पुलिस के हत्थे

संजय कालरा का नाम 2019-20 में लोगों से कार किराए पर लेकर दूसरे शहरों में बेच कर धोखाधड़ी के मामले में सामने आया था। कालरा ने कई कारें फर्जी डॉक्यूमेंट के जरिए बेच दी थीं। बाद में कालरा की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित हुआ। क्राइम ब्रांच और पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। करीब छह माह से ज्यादा समय वह जेल में बंद रहा।

अवैध शराब तस्करी में लगवा दी थी कार

साल 2021 में विशाल पुत्र रघुवीर सिंह कछवाय ने संजय पुत्र अशोक कालरा के खिलाफ डीआईजी को शिकायत की। जिसमें उसने कार नंबर एमपी-13, जीए-5362 का एग्रीमेंट कर किराए पर लेने और उसे बाद में शराब तस्करों के हवाले करने के जानकारी दी।

किशनगंज थाना पुलिस ने रघुवीर की कार शराब तस्करों के पास से जब्त की थी। कार जब्त होने के बाद भी विशाल को लोन की ईएमआई भरना पड़ी और कालरा ने एग्रीमेंट की राशि भी नहीं लौटाई। इस मामले में डीआईजी ने जांच के आदेश दिए थे। विशाल ने भी आरोप लगाया था कि एक बड़े पुलिस अफसर के नाम पर संजय उन्हें धमकाता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *