धार जिले में गणपति घाट पर सोमवार शाम करीब 7 बजे बड़ा हादसा हो गया। घाट से नीचे उतरते समय ट्रॉले ने रॉन्ग साइड में जाकर दूसरी लेन में चल रहे वाहनों को चपेट में ले लिया। आपस में गाड़ियों के टकराने से उनमें भीषण आग लग गई। इसमें दो लोगों के जिंदा जलने की आशंका है। हादसे की सूचना पर धामनोद पुलिस और फायर वाहन भी मौके पर पहुंच गए थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ब्रेक फेल होने से बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी भी आग भभक रही है। ट्रॉले में फंसे दो लोगों के जलने की सूचना है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही पता चल पाएगा कि किसी की मौत हुई है या नहीं।