
इंदौर में एक पेंटर को काम करते-करते मौत आ गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि पेंटर अपने काम में व्यस्त है। तभी अचानक वह पीछे की ओर गिर पड़ता है और अकड़ जाता है।
साथ में काम करने वाले साथी उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई है।
पेंटर एक साइट पर काम कर रहा था, तभी अचानक पीछे की ओर गिर पड़ा। इसके बाद उसके दोनों हाथ अकड़ गए।
पोस्टमार्टम में हार्ट अटैक की पुष्टि
मामला मंगलवार का है। चंदन नगर पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम आशीष (28) पिता मुन्नालाल सिंह है। वह स्कीम नंबर 71 का रहने वाला था। मंगलवार शाम को वह ठेकेदार हरिलाल पेटवाल के साथ दस्तूर गार्डन के पास एक साइट पर काम कर रहा था
यहां आशीष के साथ तीन-चार और लोग काम कर रहे थे। सभी ने पुलिस को उसके खुद से गिरने की बात बताई। पुलिस ने मौके पर जाकर कैमरे चेक किए। मौत का कारण पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम भी कराया गया। जिसमें हार्ट अटैक की पुष्टि हुई है।
पिता की भी हार्ट अटैक से हुई थी मौत
आशीष की शादी नहीं हुई थी। उसके परिवार में बड़ा भाई मनीष है। पिता की कुछ साल पहले हार्ट अटैक से ही मौत हो गई थी।