टी20 वर्ल्ड कप के शेड्यूल का हुआ ऐलान, भारत-पाकिस्तान के बीच इस दिन खेला जायेगा मुकाबला

ICC ने मेंस टी-20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल घोषित कर दिया है। टूर्नामेंट 1 से 29 जून तक वेस्टइंडीज और अमेरिका के 9 शहरों में आयोजित होगा। भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में हैं, दोनों के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 9 जून को न्यूयॉर्क में खेला जाएगा। वहीं फाइनल मैच 29 जून को वेस्टइंडीज के बारबाडोस शहर में होगा।

टी-20 वर्ल्ड कप में पहली बार 20 टीमें शामिल की गई हैं, इससे पहले हुए 2 संस्करण में 16-16 टीमें थीं। इंग्लैंड डिफेंडिंग चैंपियन है, जबकि भारत ने 2007 में पहले ही टूर्नामेंट का खिताब जीता था।

कनाडा-अमेरिका के बीच ओपनिंग मैच

टूर्नामेंट का ओपनिंग मैच होम टीमें कनाडा और अमेरिका के बीच खेला जाएगा। मुकाबला एक जून को न्यूयॉर्क में ही होगा। ग्रुप स्टेज में 40 और सुपर-8 स्टेज में 12 मैच मिलाकर सेमीफाइनल से पहले कुल 52 मुकाबले खेले जाएंगे।

26 जून को गयाना में पहला सेमीफाइनल और 27 जून को त्रिनिदाद में दूसरा सेमीफाइनल मैच होगा। 29 जून को बारबाडोस में फाइनल मैच खेला जाएगा। टूर्नामेंट में 20 टीमों के बीच 29 दिन तक कुल 55 मैच खेले जाएंगे, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार ही होगा

भारत और पाकिस्तान के सभी मैच अमेरिका में होंगे

टी-20 वर्ल्ड कप में इस बार 20 टीमें हिस्सा लेंगी। 5-5 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। इसी ग्रुप में आयरलैंड, कनाडा और अमेरिका भी हैं। भारत और पाकिस्तान अपने सभी मैच अमेरिका में ही खेलेंगे।

भारत का पहला मैच 5 जून को आयरलैंड से न्यूयॉर्क में होगा। दूसरा मुकाबला 9 जून को पाकिस्तान से न्यूयॉर्क, तीसरा मैच 12 जून को अमेरिका से न्यूयॉर्क और चौथा मैच 15 जून को कनाडा से फ्लोरिडा में होगा।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ग्रुप-बी में

ग्रुप-ए: भारत, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, अमेरिका

ग्रुप-बी: इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, नामीबिया, स्कॉटलैंड, ओमान

ग्रुप-सी: न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, अफगानिस्तान, युगांडा, पापुआ न्यू गिनी

ग्रुप-डी: साउथ अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश, नीदरलैंड, नेपाल

अमेरिका में पहली बार होगा ICC टूर्नामेंट

अमेरिका को पहली बार ही किसी ICC टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है। 2028 के ओलिंपिक गेम्स भी अमेरिका में ही होंगे, जिसमें क्रिकेट भी शामिल किया गया है। इस इवेंट को देखते हुए ICC ने अमेरिका में टी-20 वर्ल्ड कप कराने को प्राथमिकता दी। अमेरिका के साथ वेस्टइंडीज में भी टी-20 वर्ल्ड कप होगा, यहां 2010 का टूर्नामेंट भी खेला गया था। 2022 में पिछला वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया में हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *