राममय मध्यप्रदेश की मोहन सरकार और विष्णुमय संगठन…कौशल किशोर चतुर्वेदी

राममय मध्यप्रदेश की मोहन सरकार और विष्णुमय संगठन… 

अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पूरा देश राममय है, तो मध्यप्रदेश की मोहन सरकार और विष्णुमय भाजपा संगठन राम के रंग में रंगा हुआ है। सरकार और संगठन के स्तर पर अब प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 तक पूरी सरकार और संगठन के स्तर पर धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर भारतीय जनता पार्टी 14 जनवरी से प्रदेश भर के मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री, प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री एवं पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता रविवार 14 जनवरी को प्रदेश के विभिन्न मंदिरों में स्वच्छता अभियान में शामिल होंगे। वही सरकार के आदेश से मंदिरों में राम कीर्तन, दीप प्रज्जवलन और प्रत्येक घर में दीपोत्सव होगा। प्रदेश के सभी कलेक्टर को निर्देश जारी किए गए हैं।

करीब पांच सौ साल बाद अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर तैयार है और 22 जनवरी 2024 को भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश की मोहन सरकार पूरी तरह से राममय हो गई है।‌ 16 से 22 जनवरी तक के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को गरिमापूर्वक मनाने के सभी कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। स्थानीय निकायों तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से स्पेशल ट्रेनों तथा सड़क मार्गों से अयोध्या जा रहे तीर्थ-यात्रियों के सम्मान और स्वागत की व्यवस्थाएँ सरकार सुनिश्चित कर रही है। सनातन धर्मावलंबियों के लिए यह 21वीं सदी का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। सरकारी आदेश के मुताबिक प्रदेश के प्रत्येक मंदिर में 16 जनवरी से 22 जनवरी तक जन-सहयोग से राम कीर्तन का आयोजन कराया जायेगा। समस्त मंदिरों में दीप प्रज्जवलित किये जायेंगे। हर घर में दीपोत्सव के लिये आमजन को जागृत किया जायेगा। प्रदेश के नगरों तथा गाँव में मौजूद राम मंडलियों को मोहल्लों तथा गाँव में स्थानीय कार्यक्रम के लिये प्रेरित किया जायेगा। प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में ट्रस्ट समितियों द्वारा धर्मगुरुओं के साथ समन्वय कर 22 जनवरी को भंडारों का आयोजन किया जायेगा। प्रदेश के मुख्य मंदिरों में टीवी स्क्रीन लगाकर अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जायेगा। मंदिरों के आयोजन में आमजन की सहभागिता के लिये विशेष रूप से आमंत्रण दिये जायेंगे, आवश्यक प्रबंध भी सुनिश्चित किये जायेंगे। जिले के प्रमुख मंदिरों में ट्रस्ट समिति के माध्यम से स्वच्छता, रोशनी, दीप प्रज्जवलन आदि के साथ ही भगवान श्रीराम-जानकी आधारित सांस्कृतिक आयोजन भी किये जायेंगे।

सरकारी स्तर पर सभी नगरों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग तथा गाँव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से 14 से 21 जनवरी के मध्य विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। सभी सरकारी इमारतों तथा स्कूल एवं कॉलेजों में साज-सज्जा की जायेगी। प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में 16 से 21 जनवरी तक विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा। समस्त शासकीय कार्यालयों में 21 से 26 जनवरी तक रोशनी की जायेगी। संस्कृति विभाग द्वारा श्रीरामचरित लीला समारोह 11 से 21 जनवरी, 2024 तक रतलाम, मंदसौर, उज्जैन, इंदौर, खण्डवा, आगर-मालवा, देवास, सीहोर, छिंदवाड़ा, जबलपुर, अनूपपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, रीवा एवं दमोह में आयोजित किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 जनवरी को रविवार उज्जैन के राम जनार्दन मंदिर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा पन्ना के श्री बलदेव जी मंदिर, पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी भोपाल के स्मार्ट सिटी रोड स्थित राम मंदिर, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद इंदौर के अन्नपूर्णा मंदिर, प्रदेश शासन के वरिष्ठ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर के श्री श्रीविद्याधाम मंदिर, प्रहलाद पटेल विदिशा के खाटू श्याम मंदिर, राकेश सिंह जबलपुर के गढ़ाताल मंदिर के स्वच्छता अभियान में शामिल होकर मंदिर की सफाई करेंगे।

मध्यप्रदेश में सरकारी और संगठन स्तर पर वह सब कुछ करने की तैयारी है, जिसमें खुशी और उत्साह संग सभी सनातनधर्मी राम रंग में रंगे नजर आने वाले हैं। हर मंदिर में भजन कीर्तन और साफ-सफाई, रोशनी‌ होगी और घरों में दीप प्रज्ज्वलित होंगे। शहर और गांव हर मंदिर में और हर घर में धर्म पताका फहराएगी। माहौल वैसा ही है जब 9 नवंबर 1989 को अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास का कार्यक्रम रखा गया था। इससे पहले गांव-गांव में ईंट‌ पूजन का आयोजन हुआ था। उसी तरह हर जन राम का मनन और भजन करते दिखाई देगा।‌ तब आयोजन रामप्रेमियों और भाजपा, विहिप के द्वारा था, अब मध्यप्रदेश में मोहन सरकार और विष्णुमय भाजपा संगठन राम की पूजा आराधना और मंदिरों की साफ सफाई में लीन है…।

कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। दो पुस्तकों “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *