टीवी पर अपना नाम रोशन करने वाली उज्जैन की निधि भावसार अब इस सीरियल में आएंगी नज़र, बताया मुंबई तक का सफर – देखें VIDEO

उज्जैन की निधि भावसार जल्द ही सोनी टीवी पर सीरियल ‘कुछ रीत जगत की ऐसी’ में नजर आएंगी। यह सीरियल 12 फरवरी को रात 9 बजे से प्रसारित होगा। निधि इसमें विशाखा के रोल में नजर आएंगी। निधि फिल्म, वेब सीरीज और कई सीरियल्स में काम कर चुकी हैं।

निधि ने बताया कि पहले वह लोगों को बताती थीं कि उज्जैन रहती हूं। लोग पूछते थे कि ये कहां है? लेकिन, बीते दो तीन साल में लोग उज्जैन – के महाकाल मंदिर और महाकाल लोक के बारे में जानने लगे हैं।

ऋषिनगर में रहने वाले निधि के पिता गोपाल भावसार भरतपुरी प्रशासनिक क्षेत्र में हाउसिंग बोर्ड में पदस्थ हैं। मां नर्मदापुरम में सरकारी महाविद्यालय में व्यख्याता हैं। भावसार परिवार की बेटी निधि ने सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले प्रसिद्ध सीरियल ‘ये उन दिनों की बात है’ में जूही का रोल प्ले किया था।

वे ‘कामना’, ‘वागले की दुनिया’ में भी नजर आई थी। हाल ही में रिलीज हुई वेब सीरीज ‘मेड इन हेवन’ का भी वे हिस्सा रहीं। कलर्स चैनल पर ‘शक्ति एवं पिंजरा खूबसूरती का’, दंगल चैनल पर ‘पलकों की छांव में’ व डीडी-1 पर ‘कॉर्पोरेट सरपंच’ जैसे सीरियल्स में एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी हैं। कई एड फिल्म्स में भी काम कर चुकी हैं।

निधि उज्जैन के ऋषिनगर की रहने वाली हैं।

उज्जैन के स्कूल से मुंबई तक का सफर

तक्षशिला जूनियर कॉलेज से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद निधि ने एमबीए की पढ़ाई इंदौर से की। फिर मुंबई में टेक महिंद्रा में काम करते हुए उन्होंने अपने अभिनय के बल पर टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा।

निधि बताती हैं कि छोटे शहर से मुंबई तक का सफर आसान नहीं था। काफी स्ट्रगल किया। टेक महिंद्रा में नौकरी के बाद जगह-जगह ऑडिशन देने जाना और फिर सुबह उठकर ऑफिस जाना बहुत मुश्किल होता था। जॉब करते हुए कई जगह मॉडलिंग करना शुरू किया। बिग बॉस के लिए सलमान के साथ प्रिंट शूट किया। मुंबई जाने में परिवार का बहुत साथ रहा। पापा चाहते थे कि जॉब करूं, लेकिन ये उन दिनों की बात है, जब सीरियल मिलते ही मैंने तय कर लिया कि अब एक्टिंग में ही कॅरियर बनाऊंगी। हाल ही में जोया अख्तर के साथ मेड इन हेवन सीजन 2 वेब सीरीज की है। फिल्मों के ऑफर आ रहे हैं, लेकिन सिलेक्टिव होने के कारण कंफर्ट नहीं होती तो नहीं करती हूं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *