
मध्यप्रदेश के इकलौते इंटरनेशनल एयरपोर्ट इंदौर पर दो दिन पहले एयरपॉड में रेडियम पेंट करके सोने की तस्करी का खुलासा हुआ। ये विदेशों से अवैध तरीके से सोना लाने का पहला केस नहीं है, लेकिन इसके तरीके चौंकाने वाले हैं। एयरपोर्ट के कस्टम अफसर भी हैरान हैं।
सबसे ज्यादा तस्करी शारजाह, दुबई की साप्ताहिक फ्लाइट से हो रही है। यह गुरुवार को ही इंदौर आती-जाती है। मिडिल ईस्ट यानी खाड़ी देशों में सस्ता सोना मिलना, इसकी तस्करी की वजह है। पेडलर के जरिए तस्करी कर इसे लाया जा रहा है। कभी भी मुख्य तस्कर तक कस्टम नहीं पहुंच पाता या हर बार बदल जाता है।
इंदौर एयरपोर्ट पर बीते दिनों में 5 करोड़ रुपए से ज्यादा सोने की तस्करी पकड़ी गई है। जानिए तस्करी के कौन-कौन तरीके इस्तेमाल किए गए और कस्टम ने उन्हें पकड़ लिया…
गुरुवार को एयरपॉड से जब्त हुआ सोना
चेकिंग के दौरान एयरपॉड को हथौड़ी-पेचकस से तोड़कर सोना निकाला गया। इसमें सोने पर रेडियम की पॉलिश करके भरा गया था। 80 ग्राम से ज्यादा सोना बरामद किया गया। इसकी कीमत 60 लाख रुपए से ज्यादा बताई गई।

अब सोने की तस्करी के पिछले 9 चर्चित तरीकों को भी देखिए…
1. प्राइवेट पार्ट में निकला अंडाकार कैप्सूल
घटना 6 जनवरी 2024 की है। शारजाह से इंदौर आने वाली फ्लाइट एयर इंडिया एक्सप्रेस IX 256 में एक यात्री अपने साथ सोने का पेस्ट लेकर इंदौर आ रहा था। भोपाल के रहने वाले इस यात्री की फिजिकल फिर एक्स-रे से जांच की तो पता चला कि उसने मलाशय में दो अंडाकार कैप्सूल हैं। इन्हें डॉक्टरों की देखरेख में निकाला गया। कैप्सूल में 625 ग्राम सोना पेस्ट के रूप में भरा गया था, जिसकी कीमत 34 लाख रुपए थी।

2. पेन और ब्रेसलेट में भी छिपाकर लाए
8 दिसंबर 2023 को दुबई से आए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान उसके पास मौजूद पेन, अंगूठी, ब्रेसलेट जैसी कई चीजों में छिपाकर लाया गया सोना था। यह इंदौर एयरपोर्ट पर पहला मौका था जब तस्कर पेन और ब्रेसलेट में सोना छिपाकर लाए थे।

3. मिक्सर ग्राइंडर के पार्ट्स में छिपाकर लाए सोना
5 फरवरी 2020 को एयरपोर्ट पर अधिकारियों को सूचना मिली की दुबई से एयर इंडिया के विमान से यात्री मोहम्मद वसीम इंदौर सोना तस्करी कर ला रहा है। वसीम की तलाशी में एक किलोग्राम सोना बरामद हुआ। वसीम यह सोना मिक्सर ग्राइंडर के पुर्जों में छिपाकर लाया था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसकी कीमत करीब 42 लाख रुपए बताई गई।

4. ब्यूटीशियन लेगिंग्स में छिपाकर लाई सोना
मार्च 2024 में शारजाह से इंदौर पहुंची 38 वर्षीय ब्यूटीशियन के कब्जे से अधिकारियों ने 368 ग्राम सोना जब्त किया। इसकी कीमत 20.20 लाख रुपए बताई गई। इस तस्करी में खास बात यह थी कि ब्यूटीशियन सोने को अपने कपड़ों में बेहद शातिर तरीके से पाउडर के रूप में छिपाकर लाई थी। अधिकारियों ने बताया था कि महिला ने सोने की खेप को लेगिंग में कपड़े की परतों के बीच सिलकर छिपाया था।

5. हथौड़ी के अंदर दुबई से छिपाकर लाया था 700 ग्राम सोना
फरवरी 2020 को दुबई से आया एक यात्री हथौड़ी के अंदर सोना छिपाकर लाया। पीटने के लिए बने हथौड़ी के दोनों सिरों के अंदर खोखले कंपार्टमेंट बनाकर उसमें 700 ग्राम सोना पिघलाकर रखा गया था। सोना बरामद करने में ही अधिकारियों को तीन घंटे से ज्यादा मशक्कत करनी पड़ी। सोना निकालने के लिए लैथ मशीन पर भेजकर हथौड़ी के ऊपरी लोहे की परत को काटा गया था। हथौड़ी के जिन दो सिरों से चोट मारी जाती है उनके भीतर खोखले कंपार्टमेंट में सोना मिला था। जिसे पिघलाकर डाला गया था।

6. सिगरेट की खोल में भरकर लाया सोना
10 नवंबर 2023 को दुबई के यात्री से 111.50 ग्राम सोना पकड़ा। यह सोना उसने साढ़े तीन हजार से ज्यादा सिगरेट स्टिक (तंबाकू निकालकर उसकी जगह सोना भरा) से निकला। यात्री उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। सिगरेट का ब्रांड इंडोनेशिया का था। इसी तरह दूसरे यात्री से कस्टम ने पेंट की जिप के भीतर से सोना बरामद किया था।
7. सीट के नीचे सोना छिपाकर लाए
11 जुलाई 2022 को दुबई से इंदौर आए दीपचंद से 1 किलो 233 ग्राम सोने के बिस्किट बरामद किए गए। इसकी कीमत 64.76 लाख से ज्यादा थी। उसने इसी विमान में दिल्ली जाने के लिए भी बुकिंग कराई थी। उसने वही सीट चुनी थी जिस पर दुबई से आया था। बता दें कि यह फ्लाइट दुबई से इंदौर आने के बाद इंदौर से दिल्ली जाती थी। अधिकारियों को इसी बात पर दीपचंद पर शक हुआ था कि इस शख्स ने दो जगह के लिए सीट क्यों बुक कराई है। इसी आधार पर उसकी जांच कराई गई थी।
8. अंडर गारमेंट और जूते में सोना छिपाकर लाए
10 अप्रैल 2024 को शारजाह से आने वाली फ्लाइट IX256 से एक यात्री सोना लेकर एयरपोर्ट पर उतरा। डीआरआई को इस संबंध में पहले से गोपनीय सूचना मिली थी। डीआरआई ने गुजरात के इस यात्री की जांच की तो पता चला कि वह 4.94 किलो सोना तस्करी करके लाया है। जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 94 लाख रुपए थी। सोने को छिपाने के लिए यात्री ने सोने को पेस्ट के रूप में बदल लिया था। यह पेस्ट अपने अंडर गारमेंट्स और जूतों के सोल में छिपाकर लाया था।
9. चांदी की परत चढ़ाकर लाया सोना
30 दिसंबर 2023 को दुबई से तस्करी कर लाया जा रहा 90 लाख रुपए का सोना बरामद किया। तस्करों ने सोने पर चांदी की परत चढ़ा रखी थी। गिरफ्तार किए गए तीनों यात्रियों का एक्सरे कराया तो एक यात्री के प्राइवेट पार्ट में सोने के कैप्सूल निकले।