श्री महाकालेश्वर मंदिर में अब भी आम आदमी के लिए सुलभ नहीं भस्मआरती, नई बुकिंग व्यवस्था में बुकिंग कंफर्म हुई या नहीं श्रद्धालुओं को एक महीने का करना होगा इंतजार

 

श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में भस्मआरती अब भी आम आदमी के लिए सुलभ नहीं है। इसकी वजह है कि ऑनलाइन बुकिंग के लिए केवल 400 सीट प्रतिदिन के लिए रखी गई है। अग्रिम बुकिंग कर भी ली ताे यह पता लगाने के लिए कि वह कंफर्म हुई या नहीं, एक माह इंतजार करना होगा। मंदिर प्रबंध समिति की दया हुई तो यह कंफर्म हो जाएगी, नहीं तो अगले महीने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

भस्मआरती के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने 1 जून से नई व्यवस्था लागू तो कर दी है लेकिन इससे श्रद्धालुओं को कोई लाभ होता दिखाई नहीं दे रहा है। उल्टा उनका इंतजार लंबा खींचता जाएगा। हर महीने की पहली तारीख को पता चलेगा कि अगले महीने कितने लोग ऑनलाइन लाभ ले सकेंगे। हालांकि ऑनलाइन बुकिंग के लिए स्लाॅट खोल दिए गए हैं।

स्लाॅट सुबह 8 बजे जारी होंगे

भस्मआरती स्लॉट सुबह 8 बजे जारी किए जाएंगे। श्रद्धालु सुबह 8 बजे स्लॉट पंजीकरण करने से चूक जाते हैं, तो सभी पंजीकरण जिन्होंने 15 मिनट के भीतर अपना भुगतान पूरा नहीं किया है, उन्हें हर 20 मिनट में फिर से जारी किया जाएगा यानी 8.20, 8.40, 9 बजे, आदि। भस्मआरती बुक करने के लिए सुबह 8 बजे से हर 20 मिनट में प्रयास करते रहें। पंजीकरण के 15 मिनट के भीतर भुगतान प्रक्रिया निश्चित रूप से पूर्ण कर लें।

भस्म आरती: कुल 1400 सीट

आम लोगों के लिए 400 : श्रद्धालु जो ऑनलाइन आवेदन करना चाहते हैं, शुल्क 200 रुपए प्रति व्यक्ति।

विशिष्ट लोगों के लिए 700 : जिन्हें मंदिर प्रबंध समिति देती है अनुमति, इसके लिए भी शुल्क 200 रुपए प्रति व्यक्ति।

ऑफ लाइन 300 : इसके लिए उज्जैन आकर एक दिन पहले मंदिर के भस्मआरती काउंटर पर सुबह 5 बजे से कतार में लगना होगा। एक व्यक्ति को एक फॉर्म दिया जाएगा, जिसमें पांच लाेगों की अनुमति ली जा सकती है। फॉर्म भरने के बाद उसे जमा करने के लिए फिर से कतार में लगना होगा। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं को काउंटर के वेब कैमरे के सामने हाजिरी लगानी होगी। यह नि:शुल्क है।

पाबंदी : अगस्त के लिए मिल रहे केवल 17 दिन

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष व कलेक्टर नीरजकुमार सिंह के अनुसार नई व्यवस्था 1 जून से लागू कर दी है। इसमें पहले आओ पहले पाओ के आधार पर मंदिर की वेबसाइट पर 1 से 31 जुलाई तक के लिए 9153 श्रद्धालुओं की भस्मआरती का अनुरोध स्वीकार कर लिया है। श्रद्धालु अगस्त, सितंबर और अक्टूबर माह के लिए बुकिंग करवा सकेंगे। मंदिर की वेबसाइट के अनुसार अगस्त के लिए 17 व सितंबर के लिए 26 दिन ही अग्रिम बुकिंग अनुरोध किए जा सकेंगे।

दुविधा : एक माह इंतजार पर भुगतान 24 घंटे में जरूरी

भस्मआरती के लिए आगामी 3 माह के लिए भस्मआरती की बुकिंग खुली रहेगी। श्रद्धालुओं को अपनी भस्मआरती बुकिंग की जानकारी उनके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। श्रद्धालुओं को 24 घंटे के अंदर निर्धारित शुल्क जमा कर अपने पास यानी प्रवेश टिकट जनरेट करने होंगे। 24 घंटे के अंदर पास नहीं जनरेट करने पर श्रद्धालु का अनुरोध रद्द कर दिया जाएगा। इसके बाद वेटिंग लिस्ट की मैरिट के आधार पर श्रद्धालु का अनुरोध स्वीकृत कर लिया जाएगा।

असुविधा : बुकिंग अनुरोध में ही लग रहे एक माह: मंदिर प्रबंध समित ने दावा किया है कि अब श्रद्धालु पहले से ही भस्मआरती प्लान सकेंगे। हर माह की एक तारीख को अगले माह की भस्मआरती की बुकिंग जारी कर दी जाएगी। जैसे कि 1 जून को जुलाई की बुकिंग जारी की है यानी अगस्त, सितंबर, अक्टूबर के लिए अग्रिम बुकिंग अनुरोध कर भी दिया तो श्रद्धालु को एक माह का इंतजार करना पड़ेगा।

यह भी जानें : इस प्रकार बुक करें महाकाल भस्मआरती

श्रद्धालु भस्मआरती बुकिंग के लिए महाकालेश्वर मंदिर की वेबसाइट www.shrimahakaleshwa r. com पर जाकर भस्मआरती के एडवांस बुकिंग के ऑप्शन पर क्लिक कर अगस्त, सितंबर और अक्टूबर माह के लिए अपनी भस्मआरती बुक कर सकते हैं। भस्मआरती की बुकिंग की पुरानी व्यवस्था जिसमें 15 दिन पहले भस्मआरती बुक की जाती थी। इसे 15 जून तक पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। पहले पोर्टल खोलते ही 10 से 15 मिनट के अंतराल में भस्मआरती बुकिंग फुल हो जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *