
ऑनलाइन डेटिंग एप के जरिए दोस्ती करने वाले 26 वर्षीय एक छात्र के साथ खजराना क्षेत्र के स्टार चौराहे के पास लूट की वारदात हो गई। युवक ने डेटिंग एप के जरिए खजराना के एक युवक से दोस्ती की। युवक ने मिलने के लिए छात्र को स्टार चौराहे पर बुलाया। जब छात्र मिलने पहुंचा तो आरोपी के साथ उसका दोस्त भी मौजूद था। दोनों ने मिलकर छात्र को लूट लिया और भाग गए।
पुलिस ने आरोपियों को चिह्नित कर लिया है। खजराना पुलिस ने स्टूडेंट की शिकायत पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी का नाम तोहिद पता चला है। छात्र ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से राजगढ़ का रहने वाला है। एमआईजी क्षेत्र में किराये से रहता है। उसने एक डेटिंग एप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी एप के जरिए उसकी एक युवक से दोस्ती हुई। आरोपी ने स्टूडेंट को पहले मैसेज किया, फिर वीडियो कॉल पर बात की। फिर उसे शनिवार को मिलने के लिए बुलाया।
पहले धमकाया, फिर चाकू निकाल लिया
छात्र शनिवार रात 10.30 बजे स्टार चौराहे पर पहुंचा। यहां तोहिद के साथ उसका दोस्त भी मौजूद था। दोनों ने मिलकर स्टूडेंट को धमकाया और चाकू निकाल लिया। इसके बाद गले में पहनी छात्र की सोने की चेन छीन ली और उसके मोबाइल से 74 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। वे छात्र का मोबाइल भी लेकर भाग गए। छात्र ने खजराना थाना पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने स्टार चौराहे पर लगे सीसीटीवी देखे। आरोपियों की बैंक डिटेल भी निकाली जा रही है।