कोटा में NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से कूदकर किया सुसाइड, कम मार्क्स आने से डिप्रेशन में बताई जा रही थी छात्रा

NEET की तैयारी कर रही छात्रा ने बिल्डिंग की 5वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया। एक दिन पहले ही NEET का रिजल्ट आया था। कम मार्क्स आने से वो डिप्रेशन में चल रही थी। मामला कोटा के जवाहर नगर इलाके का है।

मां और भाई के साथ रहती थी

जवाहर नगर थानाधिकारी हरिनारायण शर्मा ने बताया- बगिशा तिवारी (18) रीवा (मध्य प्रदेश) की रहने वाली थी। वह कोटा के जवाहर नगर इलाके की पुखराज एलिमेंट बिल्डिंग की 5वीं मंजिल पर कमरा नं. 503 में रहती थी। साथ में मां व भाई भी रहते थे। बगिशा एक साल से नीट की तैयारी कर रही थी। उसका भाई 11वीं में पढ़ता है और वो भी जेईई की तैयारी कर रहा है। छात्रा का एक दिन पहले ही नीट का रिजल्ट आया था।

खिड़की से लगाई छलांग, मां सो रही थी

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर उसकी मां कमरे में सो रही थी। शाम करीब 4 बजे बगिशा मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में अपने फ्लैट के कमरे की खिड़की से नीचे कूद गई। छात्रा के नीचे गिरते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। बिल्डिंग के सुरक्षा गार्ड सहित आस-पास के दुकानदार व राहगीर भाग कर आए। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस उसे प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गईं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि छात्रा की मां हार्ट की मरीज है। इसके कारण मां को छात्रा की मौत के संबंध में अभी कुछ नहीं बताया गया है। पिता को फोन पर सूचित किया गया है। पिता विनोद कुमार तिवारी के कोटा पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *