ग्वालियर में रेत माफियाओं की दबंगई, खनिज विभाग के अधिकारियों पर हमला, डंपर से कुचलने की कोशिश – देखें VIDEO

ग्वालियर से रेत माफिया की दबंगई का मामला सामने आया है। खनिज विभाग की टीम अवैध रेत के डंपर को रोकने गई थी। विभाग की टीम को रेत माफिया ने डंपर से कुचलने की कोशिश की ( sand mafia attack on officers )। रेत माफिया के गुंडे अफसरों के पीछे लोहे की रॉड लेकर भागे। इतना ही नहीं अफसरों को गोली मारने की धमकी भी दी।

अधिकारियों को कुचलने की कोशिश

मंगलवार और बुधवार की रात ग्वालियर के मुरार इलाके में खनिज विभाग की टीम रेत का अवैध खनन करने वालों पर शिकंजा कसने डटी हुई थी। इस दौरान उन्होंने रेत से भरा एक डंपर देखा।

विभाग की टीम ने जब इस डंपर को रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने कट मारकर निकलते हुए अफसरों को कुचलने की कोशिश की।

डंपर पर भी फर्जी नंबर प्लेट

सहायक खनिज अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि डंपर चालक रेत का डंपर भगा ले गया। विभाग की टीम ने भी उसका पीछा किया। डंपर चालक ने बड़ागांव हाईवे पुल के पास गाड़ी रोकी।

यहां उनके अन्य साथी भी मौजूद थे। डंपर के मालिक कान्हा यादव ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की। साथ ही लोहे की रॉड से टीम पर हमला किया।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने इस मामले की रिपोर्ट पुलिस स्टेशन में दर्ज करा दी है। इस दौरान डंपर की पहचान करने की कोशिश की गई। इसमें पता चला कि डंपर पर लगा नंबर प्लेट फर्जी है।

रेत ढहाकर डंपर ले भागे आरोपी

खनिज विभाग के अधिकारियों पर हमला कर रेत माफिया ने डंपर में भरी रेत सड़क पर ही पलट दी। माफिया डंपर लेकर भाग गए। इस दौरान रेत माफिया ने खनिज विभाग के अधिकारियों को राइफल दिखाकर धमकी भी दी। खनिज विभाग के अफसरों द्वारा इस घटना का वीडियो भी बनाया गया है।

मामले में रेत का अवैध खनन करने के आरोपियों पर सरकारी काम में बाधा, धोखाधड़ी और हमले की कोशिश की FIR दर्ज की गई है। फिलहाल मामले के सभी आरोपी फरार है। पुलिस उन्हें ढूंढने की कोशिश कर रही है। ग्वालियर सीएसपी राजीव जंगले के अनुसार डंपर के मालिक कान्हा यादव के नाम थाने में और भी केस दर्ज है।

ग्वालियर पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी- 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *