धार जिले के सादलपुर थाना क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डिजायर कार डिवाइडर से टकराने के बाद पुलिया के नीचे जा गिरी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार चार दोस्तों की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।
हादसा एक ढाबे के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन बाहर निकल आया। इसके बाद गाड़ी में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
कार से बाहर गिरा युवक, बची जान
हादसे के दौरान कार में सवार एक युवक उछलकर बाहर गिर गया। इससे उसकी जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया।
सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे पांचों दोस्त
कार में सवार सभी पांचों युवक सागौर के रहने वाले थे। वे राजस्थान में सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सादलपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कार में भीषण आग लगी हुई थी। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार में सवार चारों युवकों की मौत हो चुकी थी। आग के कारण चारों के शव बुरी तरह झुलस गए।
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धार जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।