
बुलबुल चंदेल इंदौर में रियल एस्टेट कंपनी में काम करती थी।
इंदौर में एक युवती ने फोन पर बात करते हुए तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, यहां उसकी मौत हो गई। परिजन का कहना है कि कोई उसे ब्लैकमेल कर रहा था। वहीं, पुलिस युवती के मोबाइल की जांच करवा रही है, जिससे कि सुसाइड का कारण पता चल सके।
पुलिस के अनुसार गोयल नगर की रहने वाली बुलबुल चंदेल (27) रियल एस्टेट कंपनी में काम करती थी। गुरुवार दोपहर करीब 11.30 बजे वह कनाड़िया इलाके में ऑफिस की बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर फोन पर किसी से बात कर रही थी। इस दौरान उसने छलांग लगा दी और नीचे रेलिंग पर जा गिरी। दोपहर करीब 2.30 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। एमपीईबी में काम करने वाले बुलबुल के पिता मोहन चंदेल ने बताया कि दो साल पहले बेटी का तलाक हो गया था। वह हमारे साथ ही रहती थी।
समय से पहले पहुंच गई थी ऑफिस
जिस समय यह घटनाक्रम हुआ तब, ऑफिस में कोई नहीं था। बुलबुल दफ्तर खुलने से पहले ही वहां पहुंच गई थी। वह तीन साल से यहां काम कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उसने करीब 10 मिनट तक फोन पर बात की और फिर कूद गई।
इंदौर में एक महीने में तीसरी घटना
इंदौर में एक माह में ऊंचाई से कूदकर आत्महत्या करने का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 13 साल की अंजली ने 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की थी। वहीं कुछ दिनों पहले विजय नगर थाना क्षेत्र में बीसीएम हाइट्स से टीसीएस की प्रोजेक्ट मैनेजर सुरभि जैन (38) ने 8वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया था।