
इंदौर के होटल में प्रेमी जोड़े से अवैध वसूली करने वाले दो जवान गिरफ्तार
मामला स्कीम नंबर 94 के होटल का है, जहां दो एसएएफ जवान पहुंचे थे। पहले उन्होंने होटल के रजिस्टर की जांच की। इसके बाद तलाशी के बहाने युवक-युवती के रूम में घुस गए और उन्हें धमकाने लगे।
विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के दो आरक्षक अवैध वसूली और धमकी के आरोप में गिरफ्तार हुए हैं। आरक्षकों ने एक होटल में दबिश देकर प्रेमी जोड़े को पकड़ लिया था। स्वजन को बताने और गिरफ्तार करने की धमकी देकर आरक्षकों ने युवक-युवती से मोबाइल ले लिए। दो हजार रुपये भी वसूल कर फरार हो गए।
डीसीपी जोन-2 अभिनय विश्वकर्मा ने बताया घटना खजराना थाना अंतर्गत स्कीम-94 की है। 29 वर्षीय मोबाइल व्यवसायी कुंदन गोपाल एक युवती के साथ सी-21 बिजनेस पार्क के पीछे होटल में रुका था। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे दो पुलिसकर्मी जितेंद्र कुशवाह और अभय मनोरी होटल पहुंचे और रजिस्टर की जांच की।
युवक-युवती की एंट्री देख पुलिसकर्मियों ने कर्मचारी रंजीत को फटकारा और कहा कि रूम की जांच करवाओ। दोनों पुलिसकर्मी कुंदन के रूम में घुस गए और पूछताछ करने लगे। पहले दोनों को गिरफ्तार करने की धमकी दी। बाद में स्वजन को बताने का बोलकर ब्लैकमेल करने लगे।
पुलिसकर्मियों ने कुंदन और युवती से मोबाइल छीन लिया। उनकी तलाशी ली लेकिन नकदी रुपये नहीं मिले। पुलिसकर्मियों ने होटलकर्मी रंजीत को ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करवाए और उससे नकद रुपये ले लिए। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। दोपहर को प्रेमी जोड़ा थाने पहुंचा और आरोपितों की तलाश शुरू की गई।