उज्जैन। पूर्व कांग्रेस पार्षद की हत्या के बाद नगर निगम और प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गुड्डू कलीम के दोनों होटल किए सील; आरोपी बेटे-साथियों का निकाला जुलूस – देखें VIDEO

उज्जैन नगर निगम और प्रशासन की टीम ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। टीम ने पूर्व पार्षद और होटल कारोबारी गुड्डू कलीम की दोनों होटलों को सील कर दिया। पुलिस से मिले आवेदन के बाद होटलों को सील किया गया। इससे पहले मंगलवार दोपहर पुलिस ने पूर्व पार्षद और होटल कारोबारी गुड्डू कलीम हत्याकांड के आरोपी दानिश और उसके दो साथियों का जुलुस निकाला।

पुलिस मृतक के बेटे दानिश, सोहराब और अकरम को जांच के लिए नीलगंगा थाने से होटल प्रेसिडेंट तक लेकर गई थी। इस दौरान दानिश सहित अन्य आरोपी पूरे रास्ते कान पकड़कर चलते रहे।

इधर रात करीब 11 बजे बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ नगर निगम और प्रशासन की टीम दोनों होटलों को सील करने पहुंची। रात करीब 11.30 बजे होटल प्रेसिडेंट को सील किया गया। इसके बाद ब्लू स्टार होटल को सील करने की कार्रवाई की गई।

छोटा बेटा दानिश 25 अक्टूबर तक फिर से पुलिस रिमांड पर है। सोहराब सहित तीन आरोपियों की रिमांड खत्म होने पर उन्हें मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से एक आरोपी अकरम को जेल भेज दिया गया। वहीं दानिश और सोहराब शेख को 25 अक्टूबर तक फिर से रिमांड के लिए पुलिस को सौंपा गया है।

 

इसलिए सील की गई दोनों होटल

 

नीलगंगा टीआई विवेक कनोडिया ने बताया कि आरोपी दानिश ने एक आवेदन दिया था। इसके बाद लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन रखने के लिए पुलिस की ओर से निगम कमिश्नर को दोनों होटल सील करने का आवेदन दिया था। तीन पाइंट में समझिए क्या था दानिश के आवेदन में …

 

दानिश ने दोनों होटलों से होने वाली आय को लेकर संभावित विवाद की बात कही थी।

ब्लू स्टार होटल का गुमाश्ता लाइसेंस दानिश के नाम से है। उसके जेल में होने के चलते होटल संचालन के लिए वैधानिक व्यक्ति उपलब्ध नहीं है।

होटल प्रेसिडेंट कलीम के नाम पर है। उनकी हत्या के बाद होटल के मैनेजमेंट को लेकर विवाद की स्थिति बन रही है।

ऐसे में दोनों होटल सील किए गए हैं। होटल में रुके यात्रियों को उनकी राशि लौटा दी गई है। दोनों होटल का गुमास्ता लाइसेंस निलंबित किया गया है।

यह था पूरा मामला 

बता दें कि संपत्ति विवाद को लेकर वजीर पार्क कॉलोनी निवासी पूर्व कांग्रेस पार्षद कलीम उर्फ गुड्डू (60) की 11 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गुड्डू को गोली मारने वाले छोटे बेटे दानिश के अलावा हत्या के षड्यंत्र में शामिल पत्नी नीलोफर, बेटे आसिफ उर्फ मिंटू, समधी नासिर लाला सहित अन्य आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।

यह था विवाद और हत्या का मुख्य कारण

मृतक गुड्डू की हरि फाटक के समीप होटल प्रेसिडेंट है।

50 करोड़ रुपए कीमत की यह होटल मृतक गुड्डू कलीम और पत्नी नीलोफर के नाम पर है।

बेगम बाग में ब्लू स्टार होटल भी है। लगभग 8 करोड़ रुपए कीमत की यह होटल पत्नी नीलोफर के नाम पर है।

गुड्‌डू ने अपने दोनों बेटों को करीब 12 साल पहले ही प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया था।

गुड्‌डू ब्लू स्टार होटल का मालिकाना हक भी पत्नी से लेकर अपने नाम कराना चाहता था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *