सर्दियों में बढ़ानी है इम्यूनिटी तो जरूर करें इन पांच चीजों का सेवन

सर्दियों का मौसम आने वाला है और इस मौसम में फ्लू और वायरस का खतरा काफी बढ़ जाता है। ऐसे में जरूरी है कि आप अपनी इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत रखें। इसके अलावा इस मौसम में ज्यादातर लोग घरों में ही रहते हैं और शारीरिक गतिविधियां कम करते हैं, जिसकी वजह से कई लोग मोटापे का भी शिकार हो जाते हैं। ऐसे में बेहतर है कि इस मौसम में ऐसी चीजों का सेवन किया जाए, जो इम्यूनिटी तो बढ़ाएं ही, साथ ही वजन कम करने में भी सहायता प्रदान करें।

घी
सर्दियों में गाय के घी का सेवन जरूर करना चाहिए, क्योंकि यह शरीर को अंदर से गर्म रखता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल होते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत बनाते हैं। साथ ही यह डायबिटीज में भी फायदेमंद है। इसके अलावा घी का सेवन वजन को भी नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे मोटापा नहीं बढ़ता।

मूंगफली
मूंगफली को प्रोटीन से भरपूर माना जाता है। इसे कच्चा, पानी में भिगोकर या भूनकर, किसी भी तरह से खा सकते हैं, यह शरीर के लिए फायदेमंद ही होता है। इसमें कैलोरी की मात्रा कम होती है, जिससे वजन कम करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा मूंगफली को इम्यूनिटी बढ़ाने में भी कारगर माना जाता है।

हरी सब्जियां
वैसे तो हरी सब्जियों (पालक, मेथी, सरसों का साग, पुदीना, हरी लहसुन आदि) का सेवन हर मौसम में फायदेमंद ही होता है, लेकिन सर्दियों में इसके फायदे और भी बढ़ जाते हैं। इसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी को बढ़ाने में सहायक हैं।

मौसमी फल
सर्दियों में सेब, संतरा, नाशपाती और पपीता जैसे मौसमी फलों का सेवन फायदेमंद होता है। इनसे इम्यूनिटी बढ़ाने में तो मदद मिलती ही है, साथ ही ये वजन कम करने में भी सहायक हैं। आप इन फलों को सेवन लंच और डिनर के बीच स्नैक्स की तरह कर सकते हैं।

लहसुन
लहसुन विटामिन सी, बी 6, सेलेनियम और मैंगनीज जैसे मिनरल्स का एक अच्छा स्रोत है। ये सभी विटामिन और मिनरल्स इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद करते हैं। इसके अलावा लहसुन में एंटी-ऑंक्सीडेंट और एंटी-बायोटिक गुण भी होते हैं, जो बीमारियों से लड़ने की क्षमता को मजबूत बनाते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *