
सर्दियों के मौसम में इंसान को कई तरह की बीमारियां जकड़ लेती हैं, जैसे कि सर्दी-जुकाम आदि। असल में इसकी वजह होती है कि इस मौसम में इंसान का प्रतिरक्षा तंत्र यानी इम्यूनिटी सिस्टम कमजोर हो जाता है। इसलिए इस मौसम में अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बनाए रखना बहुत जरूरी होता है और चूंकि फिलहाल दुनियाभर में कोरोना महामारी फैली हुई है तो लोगों को अपनी इम्यूनिटी पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। आयुर्वेद के मुताबिक, अगर हम अपनी डाइट में कुछ चीजों को शामिल कर लें तो कमजोर इम्यूनिटी की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है।
सर्दियों के मौसम में आप अपनी डाइट में प्राकृतिक तेल, देसी घी और शुद्ध मक्खन जैसी गुणकारी चीजों को शामिल करें। इससे इम्यूनिटी तो मजबूत होगी ही, साथ ही पाचन तंत्र भी सही रहेगा। लेकिन ध्यान रहे कि किसी भी चीज का सेवन संतुलित मात्रा में ही करें।
सर्दियों में सब्जियों को उबाल कर खाना ज्यादा फायदेमंद होता है। आप इस मौसम में गाजर, चुकंदर, हरी पत्तेदार सब्जियां और अन्य जड़ों वाली सब्जियां खा सकते हैं। ये इम्यूनिटी बढ़ाने में मददगार होती हैं।
सर्दियों के मौसम में ड्राई फ्रूट्स ‘संजीवनी बूटी’ का काम करते हैं। इस मौसम में हर किसी को अपनी डाइट में काजू, बादाम, पिस्ता, खजूर और अखरोट जैसी चीजों को शामिल करना चाहिए। इससे इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद मिलती है।
चूंकि सर्दियों के मौसम में शरीर सुस्त पड़ जाता है, जिसका प्रभाव इम्यूनिटी पर भी पड़ता है। इसलिए जरूरी है कि आप नियमित तौर पर योग या किसी भी तरह का वर्कआउट करें, जिससे आपके बदन में फुर्ती रहे। ऐसा करने से आपकी इम्यूनिटी भी मजबूत होगी।
इम्यूनिटी को बनाए रखने के लिए सर्दियों के मौसम में पैकेटबंद खाना खाने से बचना चाहिए। जितना हो सके ताजा खाना खाएं। इससे आपको अपनी इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद मिलेगी, साथ ही पाचन तंत्र भी सही रहेगा।