“राजा रघुवंशी हत्याकांड: शादी बनी साजिश, भाई विपिन की भावुक अपील – विवाह से पहले पृष्ठभूमि जांचें और सार्वजनिक सूचना दें, ताकि किसी और का बेटा न मारा जाए”

ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है। रघुवंशी परिवार अब भी इस सवाल का जवाब तलाश रहा है। राजा को खोने के बाद उनके भाई विपिन रघुवंशी ने युवाओं से एक अपील की है कि वे शादी से पहले वे जाहिर सूचना जरूर दें, ताकि उनके भाई जैसी घटना किसी और के साथ न हो।

राजा के बड़े भाई है विपिन रघुवंशी।

इस मामले में आरोपी प्रॉपर्टी ब्रोकर शिलोम जेम्स को जमानत मिल गई है। ऐसे में राजा का परिवार अब हाईकोर्ट में जाकर उसकी जमानत रद्द करवाने की कोशिश करेगा। इसके लिए विपिन मंगलवार को शिलॉन्ग पहुंच गए हैं। उन्हें यह भी जानकारी मिली है कि गोविंद नाम का व्यक्ति भी शिलॉन्ग आया था और फिर वापस चला गया। उसने सोनम और राज के लिए वकील किए हैं।

2 जून को राजा का शव मिला था। कातिल सोनम ही निकली।

अगर किसी को शादी से आपत्ति तो सामने आए

दैनिक भास्कर से बातचीत में विपिन ने अपनी बात रखी। विपिन ने कहा, मैं अपने छोटे भाई को खो चुका हूं, लेकिन मैं देश के सभी युवाओं और उनके माता-पिता से अपील करना चाहता हूं कि जो भी युवक या युवती शादी करने जा रहे हैं, वे शादी से पहले अपने रिश्ते की जाहिर सूचना (सार्वजनिक सूचना) जरूर दें। अगर किसी को उस शादी से कोई आपत्ति हो, तो वह सामने आ सके।

उन्होंने आगे कहा, सोनम ने जिस तरह राजा को मेघालय ले जाकर उसकी हत्या की योजना बनाई, उसने हमारे पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हमने कभी सोचा भी नहीं था कि जिससे राजा ने शादी की थी, वही उसकी हत्या की साजिश रचेगी। मैं नहीं चाहता कि किसी और का बेटा या भाई मारा जाए, इसलिए यह अपील कर रहा हूं।

सोनम-राजा की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। राजा इंदौर में ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते थे।

शादी से पहले पूरी जानकारी जुटाएं और सार्वजनिक सूचना दें

विपिन ने कहा, जो भी युवा शादी करने जा रहे हैं, उन्हें सबसे पहले अपने होने वाले जीवनसाथी की पूरी जानकारी लेनी चाहिए। इसके बाद परिवार की पृष्ठभूमि पता करें। जब रिश्ता तय हो जाए, तो शादी से पहले अखबार में या अन्य माध्यमों से सार्वजनिक सूचना जरूर दें। इससे अगर किसी को कोई आपत्ति होगी तो वह सामने आ सकता है, जिससे किसी की जान बचाई जा सकती है।

माता-पिता से खुलकर बात करें

उन्होंने कहा कि राजा की हत्या के बाद से देश में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें युवकों की जान गई है। “मैं सभी से कहना चाहता हूं कि किसी भी स्थिति में अपने माता-पिता से खुलकर बात करें। अगर किसी रिश्ते को लेकर कोई उलझन या परेशानी हो तो वह अपने माता-पिता से जरूर शेयर करें। मैंने अपना भाई खो दिया, लेकिन अब मैं नहीं चाहता कि किसी और का भाई या बेटा मारा जाए।”

शिलॉन्ग पहुंचे विपिन, करेंगे हाईकोर्ट में अपील

विपिन ने बताया कि सोमवार को वह शिलॉन्ग के लिए रवाना हुए थे और मंगलवार को वहां पहुंच गए। उन्होंने कहा, मेरे भाई राजा की हत्या के आरोपी शिलोम जेम्स को जमानत मिल गई है। हम हाईकोर्ट में उसकी जमानत रद्द कराने की अपील करेंगे। इसके लिए हमने वकीलों से भी बात कर ली है। बुधवार को हाईकोर्ट में अपील दाखिल करेंगे।”

अस्पताल से जुटाई जानकारी, अब पुलिस से करेंगे बात

मंगलवार को विपिन उस अस्पताल भी पहुंचे जहां राजा का पोस्टमॉर्टम हुआ था। उन्होंने बताया कि घटना के इतने दिन बाद भी न तो उन्हें राजा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिली है, न एफएसएल रिपोर्ट, और न ही मृत्यु प्रमाण पत्र दिया गया है। जब उन्होंने अस्पताल से जानकारी ली तो पता चला कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी गई है। अब वे बुधवार को इस मामले में पुलिस से बात करेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *