छिंदवाड़ा के लालबाग क्षेत्र में गुरुवार देर शाम V2 शॉपिंग मॉल की लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई। लिफ्ट में सवार 2 बच्चों और 5 महिलाओं समेत 11 लोग घायल हो गए।
मॉल की लिफ्ट का वायर अचानक टूट गया, जिससे यह हादसा हुआ।
घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। पांचों महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है।
हादसे के तत्काल बाद मॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक मॉल की लिफ्ट का वायर अचानक टूट गया, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल ने बताया कि पुलिस के पहुंचने तक घायलों को लिफ्ट से बाहर निकाला जा चुका था। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
देखिए हादसे की 3 तस्वीरें…

लिफ्ट की ओर से तेज आवाज आते ही लोग उधर दौड़े।

हादसे के तत्काल बाद मॉल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में सामने लिफ्ट गिरने के कुछ ही पलों बाद अंदर मौजूद ग्राहक डर के मारे मॉल से बाहर भागते नजर आए। कुछ लोगों की चीख-पुकार से माहौल और भी तनावपूर्ण हो गया था।
यह मॉल कुछ समय पहले ही शुरू हुआ है। हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही मॉल की अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की जाएगी।
हादसे में ये इन लोगों को आई चोट
- हर्षा बरसैया (41)
- रीता रघुवंशी (30)
- दीनम वर्मा (31)
- माधुरी वर्मा (34)
- शर्मिला इनवाती (37)
- अरुण इनवाती (35)
- श्यामवती
- यशी (5)
बाकी लोगों को मामूली चोट आई थी। वे प्राथमिक उपचार के बाद घर चले गए।
मॉल से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता ने बताया कि मॉल से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी ये मिली है कि लिफ्ट में लिफ्टमैन नहीं था। इसके अलावा लिफ्ट संचालन के लिए क्या नियम और शर्तें होती हैं, उसकी जांच की जा रही है।
इस मामले में स्टोर मैनेजर गणेश का कहना है कि लिफ्ट की कैपेसिटी 5 से 6 लोगों की है। लिफ्ट में जरूरत से ज्यादा लोग चढ़े थे, जिन्हें हमारे स्टाफ ने मना भी किया था। उसके बाद भी वह नहीं माने और हादसा हो गया।

