इंदौर में थूकने पर विवाद: मेघदूत गार्डन के पास युवक की चाकू मारकर हत्या, भाई और दोस्त घायल; पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा

इंदौर में थूकने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। उसका बड़ा भाई और दोस्त घायल हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, दो फरार हैं। उनकी बाइक जब्त कर ली है।

वारदात रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे की है।

विजयनगर पुलिस के मुताबिक, नंदानगर निवासी शुभम और लेखराज मेघदूत गार्डन के पास राजा राम मिनी ढाबा चलाते हैं। शुभम बड़ा जबकि लेखराज छोटा भाई है। रविवार देर रात ढाबा बंद करने के बाद दोनों भाई अपने पार्टनर बंटी के साथ घर के लिए निकले थे।

सीने में मारा चाकू, मौके पर ही गई जान

घायल बंटी ने बताया- घर लौटने के दौरान नेहरू नगर निवासी जगदीश सिसोदिया, अंजनी नगर के पवन रजक और राज अहिरवार मिले। वे शराब पीकर बाइक से कहीं जा रहे थे। उन्होंने लेखराज के पैर के पास थूका। इस पर लेखराज ने उन्हें टोका।

बहस बढ़ी तो दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। जगदीश, पवन और राज ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। लेखराज (25) को सीने में गंभीर चोट लगी। नजदीकी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुभम और बंटी को हाथ-पैर में चाकू लगने से चोटें आई हैं।

बंटी ने बताया कि आरोपी स्कीम नंबर 54 की वाइन शॉप से निकले थे।

बेटी की बीमारी से मौत हो गई थी

लेखराज के पिता रमेश जाटव ने कहा- दोनों बेटे और उनका दोस्त बंटी मिलकर ढाबा चलाते थे। छोटे बेटे लेखराज ने तीन साल पहले लव मैरिज की थी। उसकी एक बेटी की बीमारी के चलते कुछ समय पहले ही मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *