“ग्वालियर जेएएच हॉस्पिटल में नर्स से ‘कम्प्रोमाइज’ की मांग, दो डॉक्टरों पर FIR; बदसलूकी और जातिगत अपशब्दों के आरोप से हड़कंप”

ग्वालियर के जया आरोग्य (जेएएच) सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टर ने नर्सिंग ऑफिसर से नौकरी के लिए ‘कम्प्रोमाइज’ करने की बात कही। बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। नर्स ने हाथ छुड़ाया तो उसे जातिगत अपशब्द कहे।

ग्वालियर के जया आरोग्य हॉस्पिटल के दो सीनियर डॉक्टरों पर शारीरिक शोषण की कोशिश के आरोप लगे हैं।

घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे नेफ्रोलॉजी विभाग के हेड ऑफ दि डिपार्टमेंट (HOD) के चेंबर की है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कंपू थाना में की है। पुलिस ने नेफ्रोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. शिवम यादव और सुपरिटेंडेंट गिरजा शंकर गुप्ता के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

27 वर्षीय पीड़ित ग्वालियर के घाटीगांव सिमरिया टांका इलाके में एक गांव की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया- मैं नेफ्रोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. शिवम यादव के चेंबर में अपने आवेदन पर मार्क कराकर रिसीविंग लेने गई थी।

इसी दौरान डॉ. यादव ने कहा कि जब तक तुम मेरी और डॉ. गिरजा शंकर गुप्ता की बात नहीं मानोगी, तब तक ऐसे ही परेशान होती रहोगी। तुम्हें नौकरी करनी है तो कम्प्रोमाइज करना पड़ेगा। नहीं तो हम तुम्हें ऐसी जगह भेज देंगे, जहां तुम्हारे लिए काम करना मुश्किल हो जाएगा।

बोले- मेडिकल सुपरिटेंडेंट को खुश रखो पीड़ित ने पुलिस को बताया- डॉ. शिवम यादव ने कहा कि तुम डॉ. गिरजा शंकर गुप्ता को खुश रखो। वो तुम्हारे मेडिकल सुपरिटेंडेंट हैं। वही करो, जो वो कहते हैं।

यह कहते हुए डॉ. यादव ने नर्सिंग ऑफिसर का हाथ पकड़ लिया। महिला ने किसी तरह अपना हाथ छुड़ाया और बाहर की ओर भागी। इस पर डॉक्टर ने जातिगत अपशब्द कहे। फिर बोले कि जहां चाहे शिकायत कर लो, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

घबराई नर्सिंग ऑफिसर ने पहले अपने माता-पिता को फोन पर पूरी बात बताई, फिर शाम को कंपू थाना जाकर शिकायत दर्ज कराई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।

एचओडी ने आरोपों को बताया बे-बुनियाद आरोपी एचओडी डॉ. शिवम यादव ने कहा- जिस महिला ने आरोप लगाया है, दो दिन पहले उसका डिपार्टमेंट चेंज किया गया है। इसको लेकर वह नाराज है इसलिए बे-बुनियाद आरोप लगा रही है।

वहीं, डॉ. गिरजा शंकर गुप्ता ने कहा- मैं तो उस समय स्पॉट पर भी नहीं था। मेरा नाम कैसे आया, मैं खुद नहीं समझ पा रहा हूं। मुझे पूरे मामले की जानकारी ही नहीं है।

पुलिस ने कहा- जांच कर रहे टीआई अमर सिंह सिकरवार ने बताया कि एक महिला कर्मचारी ने दो डॉक्टरों के खिलाफ आरोप लगाए हैं। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *