
अरुणाचल प्रदेश में भाजपा और जदयू के बीच हुए तल्ख रिश्ते के बाद राजद के नेताओं की ओर से नीतीश कुमार को नहागठबंधन में शामिल करने का ऑफर दिया जा रहा है। इसी बीच राजद के एक बड़े नेता ने दावा किया है कि जदयू के 17 विधायक राजद के संपर्क में हैं।
ये दावा पार्टी के बड़े नेता श्याम रजक का है। उन्होंने कहा कि जदयू के 17 विधायक राजद के साथ संपर्क में हैं। उन्होंने आगे कहा कि दलबदल कानून को देखते हुए और विधायकों की संख्या बढ़ाई जा रही है। बहुत जल्द वो संख्या पूरी हो जाएगी।
दूसरी तरफ मंगलवार को राजद के दो बड़े नेताओं ने नीतीश कुमार को साथ आने का ऑफर देकर बिहार की राजनीति को गरमा दिया. राजद नेता और पूर्व मंत्री विजय प्रकाश ने कहा कि नीतीश जी आपकी सहयोगी पार्टी भाजपा आपको परेशान कर रही है आप बिहार की गद्दी का लोभ छोड़िए और केंद्र की राजनीति कीजिए. विजय प्रकाश ने कहा कि केंद्र की राजनीति करने में राजद पूरी ताक़त से नीतीश कुमार की मदद करेगा. इससे पहले राजद के नेता और बिहार विधानसभा के स्पीकर रह चुके उदय नारायण चौधरी ने बयान दिया था की नीतीश कुमार तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाए और खुद PM के उम्मीदवार बनें. केंद्र की राजनीति में राजद उनका साथ देगा.
बिहार में जारी सियासी बयानबाजी और राजद से लगातार मिल रहे ऑफर के बीच जेडीयू ने सफाई दी है. राजद के ऑफ़र पर JDU प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जो लोग चुनाव के पहले नालंदा की किसी सीट से नीतीश जी को चुनाव लड़ने की चुनौती दे रहे थे आज वो अचानक से बड़ा-बड़ा ऑफ़र कर रहे हैं. राजनीति में गद्दी के लिए इतनी हताशा तो जल्दी नहीं दिखती है, ये राजद नेताओं की गद्दी पाने की छटपटाहट है.