इंदौर के चंदन नगर में सनसनी: टहल रहे 23 वर्षीय युवक ने मां के सामने 5वीं मंजिल से लगाई छलांग, मौत; गार्ड के रोकने के बाद पुलिस पर थप्पड़ मारने का आरोप, मानसिक तनाव से जूझ रहा था

इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित ताप्ती परिसर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक युवक ने पांचवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक की पहचान राज (23) पिता मनोज मकवाना के रूप में हुई है।

जवान बेटे की मौत के बाद अस्पताल के बाहर रोता-बिलखता परिवार।

बताया जा रहा है कि गर्मी लगने के कारण वह रात में अपनी मल्टी के नीचे टहल रहा था। चौकीदार ने उससे देर रात घूमने की वजह पूछी। इसी दौरान वहां पुलिस की गाड़ी भी पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक पुलिसकर्मी ने राज को रोककर पूछताछ की और उसे थप्पड़ भी मारे। परिवार का आरोप है कि इसके बाद राज घबरा गया और पकड़े जाने के डर से मल्टी की पांचवीं मंजिल पर पहुंचकर नीचे कूद गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि राज मानसिक तनाव से जूझ रहा था। उसका इलाज चल रहा था।

एआई जेनरेटेड 4 तस्वीरों में देखिए पूरा घटनाक्रम

 

राज रात में अपनी मल्टी के नीचे टहल रहा था, गार्ड ने रोक लिया

गार्ड से बहस के बीच वहां से गुजर रहे पुलिसकर्मी भी आ गए।

बातचीत के दौरान पुलिसकर्मी ने राज को एक थप्पड़ मार दिया

राज घबरा गया और मल्टी की पांचवीं मंजिल से नीचे कूद गया।

मां बोली- मेरी आंखों के सामने कूद गया बेटा

राज की मां रेखा मकवाना ने बताया कि उन्होंने दो बार बेटे को समझाकर अंदर आने के लिए कहा था, लेकिन वह फिर से घर के बाहर चला गया। जब वह उसे देखने नीचे पहुंचीं, तभी उनके सामने ही राज ने छलांग लगा दी। घटना के बाद परिवार रातभर अस्पताल के बाहर बैठा रहा।

गार्ड ने रोका, बाद में पुलिस को भी बुला लिया

बहन राधिका ने बताया कि राज को सांस लेने में दिक्कत रहती थी, इसलिए वह बाहर टहल रहा था। पहले गार्ड ने उसे रोका, जिस पर दोनों के बीच बहस हुई। बाद में गार्ड ने वहीं से गुजर रहे पुलिसकर्मियों को बुला लिया।

परिवार बोला- राज ने पुलिस से माफी भी मांगी

परिजन का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों को राज की तबीयत के बारे में बताया और भाई ने माफी भी मांगी, लेकिन एक जवान ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद राज पुलिस के नाम से घबराने लगा और बार-बार फ्लैट के अंदर-बाहर करने लगा।

तबीयत खराब थी, कई महीनों से घर पर ही था

राज की तबीयत कुछ दिनों से ठीक नहीं थी, इसलिए वह कई महीनों से घर पर ही रह रहा था। पिता मनोज मकवाना पेशे से बावर्ची हैं और मां गृहिणी हैं। दोनों बहनें पास ही काम करती हैं, जबकि भाई एक कंपनी में नौकरी करता है। मृतक का परिवार जिस मल्टी में रहता है, वह आईडीए की सरकारी आवासीय योजना के तहत बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *