Indore में बदमाशों संग बर्थडे पार्टी पड़ी भारी: वायरल वीडियो के बाद हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार सस्पेंड

इंदौर के परदेशीपुरा क्षेत्र में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल का जन्मदिन मनाने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। गुरुवार को हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार ने अपना जन्मदिन मनाया था, जिसमें संयोगितागंज क्षेत्र के तीन बदमाश भी पहुंच गए। उन्होंने हेड कॉन्स्टेबल को माला पहनाई और साथ में फोटो व वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।

 

हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार के साथ बदमाश अक्रात, आयुष और विकास।

वीडियो वायरल होने के बाद मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद शनिवार रात हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार को निलंबित कर दिया गया।

एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि परदेशीपुरा थाने में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें उनकी कथित रूप से कुछ बदमाशों के साथ नजदीकियां नजर आ रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की गई और प्रारंभिक जांच के आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी पुलिसकर्मी की आपराधिक तत्वों से सांठगांठ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अक्रात, विकास और आयुष के साथ खिचवाए थे फोटो

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को हेड कॉन्स्टेबल जीतू सरदार के जन्मदिन समारोह के दौरान कई लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान संयोगितागंज क्षेत्र में रहने वाले सगे भाई अक्रात और आयुष अपने रिश्तेदार विकास के साथ वहां पहुंचे और हेड कांस्टेबल के साथ फोटो खिंचवाए।

बताया जा रहा है कि तीनों के खिलाफ संयोगितागंज थाने में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अंक्रात और आयुष के पिता दीनू निगरानीशुदा बदमाश बताए जाते हैं। वहीं विकास पर भी नशा और मारपीट से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *