भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही अपनी नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं. कुलदीप 14 मार्च 2026 को वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे. जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी के एक लग्जरी रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा. इस खास मौके पर दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा मेहमान ही शामिल होंगे.

कुलदीप यादव शादी करने जा रहे हैं
विवाह से एक दिन पहले यानी 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी. इन पारंपरिक कार्यक्रमों में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में जश्न का माहौल रहेगा. और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ के एक होटल में हुई थी. शुरुआत में दोनों की शादी नवंबर 2025 में तय की गई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर और टी20 वर्ल्ड कप में कुलदीप के चयन होने के चलते शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई.
कुलदीप यादव के पिता रामसिंह यादव ने 8 मार्च (रविवार) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया. शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा
इस समारोह में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अधिकारी, भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा एवं पूर्व क्रिकेटर्स और अन्य मेहमानों के शामिल होने की संभावना है.
कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ खेला था मैच
कुलदीप यादव आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे. इस टूर्नामेंट में कुलदीप ने सिर्फ एक मुकाबला खेला, जो पाकिस्तान के खिलाफ था. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए उस मुकाबले में कुलदीप ने 14 रन देकर एक विकेट लिया था.
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर भारतीय टीम के लिए अब तक 191 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 22.50 के एवरेज और 4.84 की इकोनॉमी रेट से 365 विकेट झटके हैं. 31 साल के कुलदीप ने 9 मौकों पर पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट लिए.