रतलाम में ट्रक ड्राइवर भाइयों की बेरहमी से पिटाई का नया VIDEO: पानी के छींटों के विवाद में बचाने की गुहार लगाते रहे दोनों भाई, 8 हमलावर लट्ठ बरसाते रहे; छोटे भाई की मौत, 7 आरोपी गिरफ्तार

रतलाम जिले के बिलपांक फंटे स्थित एक चाय की होटल पर बुधवार रात राजस्थान के दो ट्रक ड्राइवर भाइयों के साथ हुई हिंसक मारपीट का एक नया वीडियो शुक्रवार रात सामने आया है। सातरुंडा में ट्रक से पानी के छींटे उछलने के विवाद में 8 लोगों ने दोनों भाइयों को टामी और लाठियों से बेरहमी से पीटा था, जिसमें छोटे भाई की मौत हो गई

8 लोगों ने दोनों भाइयों को टामी और लाठियों से बेरहमी से पीटा था

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट से दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है, जबकि एक नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है और एक घायल आरोपी अहमदाबाद में भर्ती है।

पिटाई की 5 तस्वीरें देखिए…

दोनों ड्राइवरों को लट्‌ठ, टामी और लात-घूंसों से बेरहमी से पीट रहे हैं।

दोनों भाइयों को अलग-अलग लेकर युवकों ने पीटना शुरू किया।

बदमाशों ने बड़ी बेरहमी से दोनों पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए

ड्राइवर छोड़ देने की गुहार भी लगा रहा है, लेकिन किसी को रहम नहीं आया।

पिटाई से बेहोश हुआ एक भाई जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ा।

आवाज आई- मर जाएगा, लेकिन हमलावरों ने नहीं सुनी

शुक्रवार रात सामने आया 1 मिनट 34 सेकंड का यह नया वीडियो बुधवार रात का है, जिसमें कुछ लोग दुकान के अंदर दोनों ड्राइवरों को लट्‌ठ, टामी और लात-घूंसों से बेरहमी से पीट रहे हैं।

वीडियो में एक ड्राइवर खुद को छोड़ने और बचाने की गुहार लगा रहा है, लेकिन कोई बचाने आगे नहीं आता। वीडियो में एक व्यक्ति की आवाज आ रही है, “दुकान से बाहर जाकर लड़ो।” वहीं दूसरी आवाज आती है, “मर जाएगा,” लेकिन हमलावर नहीं सुनते।

जब एक ड्राइवर का भाई उसे बचाने आता है, तो उसके साथ भी मारपीट की जाती है और नीचे गिरने पर उसे टामी से मारा जाता है। इससे पहले गुरुवार को भी मारपीट का एक अन्य वीडियो सामने आया था।

ट्रक से उछला था पानी, थूकना समझ बैठे बाइक सवार

चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के छोटी सादड़ी निवासी उदय सिंह तंवर (42) महाराष्ट्र से पपीता लोड कर पुष्कर जा रहे थे, जबकि छोटा भाई भगवान सिंह तंवर (39) सनावद (खंडवा) से कपास लेकर भीलवाड़ा जा रहा था। मानपुर में मुलाकात के बाद दोनों साथ-साथ राजस्थान की ओर निकल गए।

रतलाम जिले के सातरुंडा में फोरलेन पर चलते समय आगे चल रहे पपीते के ट्रक से पानी के छीटे पीछे आ रहे बाइक सवारों पर पड़े, जिसे उन्होंने थूकना समझ लिया और ट्रक रोकने की कोशिश की।

उदय सिंह ने ध्यान नहीं दिया और कुछ दूरी पर बिलपांक फंटा स्थित एक चाय की होटल पर रुका। पीछे से बाइक सवार भी पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। इसी बीच भगवान सिंह भी ट्रक लेकर वहां पहुंच गया।

साथियों को बुलाकर किया हमला, छोटे भाई की मौत

विवाद बढ़ने पर बाइक सवारों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और दोनों भाइयों पर लाठी व टामी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को पुलिस ने रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई भगवान सिंह की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई घायल हो गया।

गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घायल भाई को भी परिजन अपने साथ ले गए।

8 पर हत्या का केस, आरोपियों ने भी दर्ज कराई क्रॉस FIR

बिलपांक थाना पुलिस ने 8 लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। इनमें 16 वर्षीय नाबालिग समेत चिकलिया निवासी भरत (40), रोहित (19), रामेश्वर (50), जगदीश (45), कन्हैया (21), तुलसीराम (28) और भूरा (32) शामिल हैं।

पुलिस ने 7 को गिरफ्तार कर शुक्रवार शाम रतलाम कोर्ट में पेश किया। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि शेष आरोपियों को दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

मारपीट में आरोपी भरत भूरिया भी घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद परिजन इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए हैं, इसलिए उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वहीं, आरोपी पक्ष की नाथी बाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक ड्राइवरों के खिलाफ भी मारपीट का क्रॉस केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *