इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के लाइव कॉन्सर्ट में मारपीट की वायरल खबर पूरी तरह फर्जी निकली है। पुलिस जांच में साफ हुआ है कि सोशल मीडिया पर चल रहा वीडियो इंदौर का नहीं, बल्कि मुंबई में हुए एक कार्यक्रम का है।
यह वीडियो मुंबई का है, जिसे इंदौर का बताकर वायरल किया जा रहा था।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल की जांच में सामने आया कि कई अकाउंट्स और यूट्यूब चैनलों ने बिना पुष्टि के वीडियो को इंदौर का बताकर वायरल कर दिया। इससे शहर में भ्रम की स्थिति बन गई और लोगों में गलत संदेश गया।
एडिट कर भ्रामक तरीके से किया पेश
जांच में यह भी सामने आया कि मुंबई में हुई मारपीट की घटना के वीडियो को एडिट कर भ्रामक तरीके से इंदौर से जोड़कर पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अफवाहें कानून-व्यवस्था को प्रभावित कर सकती हैं।
4 अकाउंट्स चिन्हित, FIR की तैयारी
क्राइम ब्रांच ने फर्जी खबर फैलाने वाले 4 सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित किया है। इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है
अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने इस वीडियो को वायरल करने में भूमिका निभाई। अधिकारियों ने साफ किया है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की भ्रामक खबरें न फैलें।