गोवा में मुफ्त की धुलाई पड़ी भारी: वागेटर बीच पर खारे पानी में फंसी गुजरात नंबर की ब्लैक फॉर्च्यूनर, JCB से रेस्क्यू के बाद पुलिस कार्रवाई; वीडियो वायरल

सोचिए आप शान से अपनी ब्लैक फॉर्च्यूनर लेकर गोवा घूमने जाएं और अगले दिन आपकी गाड़ी समंदर की लहरों के बीच गोते खाती मिले. कुछ ऐसा ही हुआ अहमदाबाद के एक टूरिस्ट के साथ, जिनकी लग्जरी SUV वागेटर बीच की रेत में ऐसी धंसी कि निकालने के लिए JCB बुलानी पड़ गई. माजरा सिर्फ घूमने का नहीं, बल्कि गाड़ी को ‘मुफ्त’ में समंदर के पानी से चमकाने का था, जो अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है.

समंदर की लहरों में ‘नहला’ रहे थे फॉर्च्यूनर, कुदरत ने मारा ऐसा ‘डिटर्जेंट’…सीधे थाने पहुंच गई गाड़ी

अहमदाबाद से गोवा की मौज-मस्ती करने आए एक टूरिस्ट के लिए रविवार की सुबह किसी बुरे सपने जैसी रही. दरअसल, यह पूरा मामला वागेटर बीच (Vagator Beach) का है, जहां एक काली रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर (Black Toyota Fortuner) हाई टाइड के दौरान लहरों के बीच फंस गई. वीडियो में दिख रहा है कि कैसे पानी गाड़ी के दरवाजों तक पहुंच गया और पहिए रेत में बुरी तरह धंस गए.

समंदर के पानी से कार धुलाई पड़ी महंगी (Free Car Wash in Sea Water Goes Wrong)

हैरानी की बात यह है कि यह हादसा किसी गलती से नहीं, बल्कि एक अजीबोगरीब ‘जुगाड़’ की वजह से हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, कार मालिक ने होटल के एक स्टाफ मेंबर को गाड़ी साफ करने के लिए पैसे और टिप दी थी. उस स्टाफ ने दिमाग लगाया और गाड़ी को वॉशिंग सेंटर ले जाने के बजाय सुबह-सुबह सीधे बीच पर उतार दिया. वह बाल्टी और मग लेकर समंदर के खारे पानी से गाड़ी चमकाने की कोशिश कर रहा था, तभी हाई टाइड आ गया और फॉर्च्यूनर वहीं अटक गई.

JCB की मदद से बची डूबती हुई SUV (Fortuner Rescued by JCB from High Tide)

जब गाड़ी रेत में धंसी, तो वहां मौजूद लोगों के हाथ-पांव फूल गए. काफी कोशिशों के बाद भी जब टोयोटा फॉर्च्यूनर टस से मस नहीं हुई, तो आखिरकार एक क्रेन और JCB को मौके पर बुलाना पड़ा. भारी मशक्कत के बाद गाड़ी को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक गाड़ी के अंदर काफी पानी भर चुका था. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर @gharkekalesh द्वारा शेयर किया गया है, जहां लोग इस ‘फ्री कार वॉश’ का जमकर मजाक उड़ा रहे हैं.

गोवा पुलिस का एक्शन और कड़ी चेतावनी (Goa Police Action Against Reckless Driving)

मस्ती यहीं खत्म नहीं हुई…जैसे ही खबर पुलिस तक पहुंची, अंजुना पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया. लापरवाह ड्राइविंग और बीच सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार और होटल स्टाफ दोनों पर कार्रवाई की जा रही है. गोवा प्रशासन ने सख्त लहजे में कहा है कि बीच पर गाड़ियां ले जाना न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है. यह घटना उन सभी टूरिस्ट्स के लिए एक सबक है जो एडवेंचर के नाम पर नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं. खारा पानी गाड़ी के इंजन और बॉडी के लिए जहर जैसा है, ऊपर से पुलिस की कार्रवाई ने इस ‘गोवा ट्रिप’ का बजट बिगाड़ दिया सो अलग.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *