मध्य प्रदेश के इंदौर में बी.फॉर्मा के 19 वर्षीय छात्र ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वारदात से कुछ मिनट पहले उसने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की थी। इसी दौरान पिता का कॉल आया। उन्होंने सब्जी के लिए 75 रुपए ट्रांसफर करने को कहा। छात्र ने ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किया था। मामला एमआईजी थाना क्षेत्र का है।
गोली की आवाज सुनकर पास के कमरे में बैठे रूममेट्स मौके पर पहुंचे। उस समय छात्र तड़प रहा था। वे घबरा गए और तुरंत पिता को कॉल किया। पिता मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
किराए के मकान में रहता था छात्र
एमआईजी थाना प्रभारी सी.बी. सिंह के मुताबिक, घटना शनिवार शाम करीब 6:40 बजे की है। नेहरू नगर में सौरभ (19) पिता धर्मराज पटेल, निवासी मैहर, अपने दोस्तों नीरज पटेल, नयन पटेल और रवि पटेल के साथ एक साल से जयसिंह राठौर के यहां किराए से रह रहा था। वह मकान की दूसरी मंजिल पर दो कमरों में रहता था।

15 दिन पहले पिता भी साथ रहने आए थे
करीब 15-20 दिन पहले सौरभ के पिता इंदौर आए थे। उसके साथ रहने लगे थे। वे एक ज्वेलर्स के यहां सिक्योरिटी गार्ड थे। उनकी नाइट ड्यूटी रहती थी। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वे सब्जी लेने बाजार गए थे। उस समय सौरभ कमरे में अकेला था। उसके दो दोस्त दूसरे कमरे में मैच देख रहे थे, जबकि एक दोस्त बाहर गया था।
पिता की लाइसेंसी बंदूक से मारी गोली
वीडियो कॉल और पिता से बात के बाद सौरभ ने उनकी लाइसेंसी बंदूक से अपने सीने में गोली मार ली। आवाज सुनकर साथी पहुंचे और पिता को सूचना दी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सौरभ खंडवा रोड स्थित बीएम कॉलेज से बी.फॉर्मा की पढ़ाई कर रहा था।

सुसाइड की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस के मुताबिक, सौरभ एक लड़की से बात करता था, लेकिन आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना के बाद सौरभ के पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसके दोस्त नयन ने बताया कि वह पहले एक लड़की से बात करता था, लेकिन हाल में बातचीत बंद कर दी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।