मुंबई:क्या किसी टॉयलेट के अंदर से फूड बिजनेस चलाया जा सकता है? सुनने में यह अजीब लग सकता है लेकिन ऐसा और कहीं नहीं, बल्कि में हुआ है. वही मुंबई, जो देश की आर्थिक राजधानी है और जहां कई लोगों के सपने पूरे होते हैं तो कइयों के ख्वाब अधूरे रह जाते हैं. टॉयलेट के अंदर फूड बिजनेस चलाने का मामला सामने आने के बाद विवाद हो गया है. हैरान करने वाली बात यह है कि यह फूड बिजनेस महिला टॉयलेट से चल रहा था.

मोबाइल टॉयलेट से कैफे चलाया जा रहा था.
मामला मुंबई के A वार्ड इलाके का है, जहां महिलाओं के लिए बने एक मोबाइल टॉयलेट के अंदर से बर्गर, चिकन रोल और सैंडविच बेचने का एक फूड बिजनेस चलाया जा रहा था.
यह घटना फोर्ट स्थित ‘फैशन स्ट्रीट’ के पास की है, जहां महिलाओं के लिए बनी सुविधाओं, जिन्हें “पिंक टॉयलेट” के नाम से जाना जाता है, का कथित तौर पर गलत इस्तेमाल किया जा रहा था. एक टॉयलेट बस के पिछले हिस्से से एक कैफे चलाया जा रहा था, जिसे चलाने की अनुमति भी नहीं थी. टॉयलेट से कैफे चलाने से साफ-सफाई और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी हो गई हैं.
बताया जा रहा है कि टॉयलेट के अंदर लगभग एक साल तक कैफे चलता रहा है. टॉयलेट तो बंद हो गया था लेकिन इसके अंदर से अवैध फूड स्टॉल एक साल से चल रहा था.
मामला सामने आने के बाद कार्रवाई करते हुए मुंबई नगर निगम (BMC) ने इस कैफे को बंद करवा दिया है. इस घटना ने साफ-सफाई से जुड़ी पहलों के सही ढंग से लागू होने और सार्वजनिक सुविधाओं के गलत इस्तेमाल को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.