धार गोंदीखेड़ा हत्याकांड: बॉयफ्रेंड के लिए पत्नी ने कराई पति की हत्या, लूट का ड्रामा 6 घंटे में बेनकाब; पुलिस बोली— राजा रघुवंशी केस जैसी साजिश

धार जिले के गोंदीखेड़ा चारण गांव में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक ऐसा हत्याकांड हुआ, जिसने सबको झकझोर दिया। जिस पत्नी ने रो-रोकर पुलिस को लूट और बंधक बनाने की आपबीती सुनाई थी, वह खुद अपने पति की कातिल निकली।

पुलिस ने महज 6 घंटे की जांच में उस बेचारी पत्नी का नकाब उतार दिया, जिसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात की पटकथा लिखी थी।

कारोबारी की पत्नी ने बताया था कि 3 से 4 बदमाश घर के अंदर घुसे थे।

इंदौर के ‘राजा रघुवंशी’ कांड जैसा मामला

धार पुलिस के मुताबिक, यह मामला ठीक वैसा ही है, जैसा इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में हुआ था। वहां भी पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाया था। गोंदीखेड़ा में भी प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर पति देवकृष्ण की हत्या को ‘लूट’ का रंग देने की कोशिश की।

दराज से सोने-चांदी के गहने गायब बताए गए थे।

मनगढ़ंत कहानी बताई: बदमाशों ने हाथ-पैर बांधे और लूट ले गए

वारदात के बाद प्रियंका ने पुलिस को बताया कि रात में अज्ञात बदमाश घर में घुसे और उन दोनों को अलग-अलग कमरों में बंधक बना लिया। उसने दावा किया कि बदमाश ₹3 लाख के जेवर और ₹50 हजार कैश लूट ले गए और विरोध करने पर उसके पति की हत्या कर दी।

पुलिस को कैसे हुआ शक?

एसपी मयंक अवस्थी के नेतृत्व में जब जांच शुरू हुई तो प्रियंका के बयानों में विरोधाभास नजर आया।

  • सिर पर 12 इंच गहरा घाव: हमला इतना सटीक और वीभत्स था कि यह सामान्य लूट नहीं, बल्कि रंजिश लग रही थी।
  • संदेहास्पद आचरण: प्रियंका के बयानों में बार-बार बदलाव और मोबाइल का गायब होना पुलिस को खटक गया।
  • घटनास्थल के साक्ष्य: सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल से कुछ ऐसी चीजें मिली हैं जिनसे आशंका जताई जा रही है कि कत्ल के बाद आरोपी प्रेमी और प्रेमिका के बीच शारीरिक संबंध भी बने थे।

महज 15 साल की उम्र में हुई थी शादी

जांच में सामने आया कि देवकृष्ण और प्रियंका की शादी बचपन (15 साल की उम्र) में ही हो गई थी। प्रियंका अकसर घर से बाहर रहती थी और उसका समाज के ही कमलेश नामक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रियंका 5-6 दिन पहले ही अपने मायके से लौटी थी और शायद तभी इस हत्या की अंतिम योजना तैयार की गई थी।

पुलिस की सख्ती के आगे टूटा कातिल पत्नी का सब्र

देर रात जब पुलिस ने प्रियंका से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया कि उसने ही प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी ताकि वे दोनों साथ रह सकें।

देखिए 3 तस्वीरें

इसी बिस्तर पर हुई थी व्यापारी की हत्या।

वारदात को लेकर गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है

मिर्च व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की पत्नी के साथ तस्वीरें।

आज आधिकारिक खुलासा करेगी पुलिस

धार एसपी मयंक अवस्थी ने बताया, “यह लूट की वारदात नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित हत्या है। हमने पत्नी और उसके प्रेमी समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *