यह कहना है इंदौर के शराब कारोबारी और क्रिकेट टीम के मालिक सूरज रजक का। सूरज का कहना है कि यह आरोप पूरे निराधार हैं और रेमन कक्कर ने जो मेरे खिलाफ एफआईआर कराई है, यह बिल्कुल गलत है। उस जमीन पर कब्जे जैसी बात तो कभी हुई ही नहीं है।
यह पूरा परिवार डिस्प्यूटेड परिवार है। इन लोगों ने पहले भी उक्त जमीन का किसी के साथ सौदा किया था और उसके पैसे हड़प लिए थे, जिसको लेकर कोर्ट में बाकायदा कैस चल रहा है।
50 लाख रुपए में दी थी जमीन
सूरज ने परिवार के साथ हुई चैटिंग और बातचीत को दैनिक भास्कर के साथ शेयर करते हुए बताया कि जमीन किराए पर देने को लेकर इनके परिवार की सहमति मुझे दी गई थी। इनके परिवार ने मुझे बताया था कि यह सरकारी जमीन है इस जमीन को लेकर हमारा अभी डिस्प्यूट भी चल रहा है, इसलिए हम लिखा पड़ी अभी नहीं कर सकते, लेकिन यह जमीन हम आपको 50 लाख रुपए सालाना किराए पर दे रहे हैं। रेमन कक्कर के भाई ने मुझे घर बुलाया था। उस दौरान इनकी मां, इनके दोनों भाई, दोनों भाईयों की पत्नियां और उनके बड़े भाई की एक बेटी मिली थी। उनकी सहमति देने के बाद मैंने जमीन पर काम शुरू कराया था, अगर मुझे कब्जा ही करना होता तो क्या मैं घर जा के बात करता?

जमीन को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है
सूरज ने बताया कि मैंने वर्तमान में जमीन के बारे में जानकारी निकाली तो मुझे पता चला है कि इन लोगों ने शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी से इस जमीन को बेचने के लिए सौदा कर लिया था और सौदा करने के बाद उनके करोड़ों रुपए हड़प गए। रुपए हड़पने के बाद यह लोग सौदा करने से भी पलट गए। जिसके बाद इनकी जमीन के बदले पैसे लेने के मामले में कोर्ट में केस भी चल रहा है। मेरी जानकारी के अनुसार इनके परिवार पर उक्त जमीन को लेकर चार से पांच केस कोर्ट में चल रहे हैं। जिसमें से दो या तीन केस सामने वाली पार्टी जीत भी चुकी है वहीं एक या दो में डिसीजन होना बाकी है।
रेमन का भाई खुद जमीन दिखाने लेकर गया था
मेरा रेमन के भाई रणधीर सलूजा से इस जमीन के विषय में बात हुई थी। जिसके बाद रणधीर उर्फ बंटी सलूजा खुद मुझे जमीन पर लेकर गए थे। जमीन देखने के बाद उन्होंने मुझसे कहा कि आप एक नक्शा बनवा लीजिए, इसके बाद मैंने नक्शा तैयार करवाकर बंटी सलूजा और उनके परिवार को भेजा था। मैंने नक्शा बनाकर दिया उसमें बताया कि सरकारी जगह कौन सी है और इनकी निजी जगह कौन सी है। बाद में जब मैंने काम शुरू कर दिया तब रेमन अचानक आई ओर इनके परिवार के आपसी डिस्प्यूट की वजह से रेमन ने मेरे पर एफआईआर दर्ज करवाई।
रेमन के पति ने कहा था आप बंटी से बात कर लीजिए
सूरज ने बताया कि जमीन को लेकर मेरी रेमन कक्कर के पति से भी बात हुई थी, उन्होंने भी यही कहा मुझे कि आप बंटी सलूजा से बात कर लीजिए। अगर मुझे पता होता कि इनके परिवार की खासतौर पर रेमन की राजी-मर्जी नहीं है तो मैं वहां पर काम हीं नहीं करता। वहीं इस जमीन को लेकर जब मैं रेमन कक्कर की मां से मिला तो उन्होंने कहा कि बेटा हम यह जमीन आपको बेचना चाहते हैं, आप इसे खरीद लीजिए।
सूरज ने कहा कि रेमन अपना मानसिक संतुलन खो चुकी हैं। उनके परिवार में ही आपस में सामंजस्य नहीं है। उन्होंने पहले भी कई लोगों से करोड़ों रुपए हड़पे हैं। आज भी उस जमीन पर नगर निगम का कुर्की का बोर्ड लगा हुआ है। आज यह शहर हित की बात करते हैं तो शहर हित में आज तक इन्होंने अपनी जमीन का टैक्स क्यों नहीं भरा हुआ है।

रेमन के परिवार ने जानकारी दी वह एफआईआर करवा रही
सूरज ने बताया कि रेमन के परिवार के लोग सतत मेरे संपर्क में थे। जिस दिन रेमन FIR करने जा रही थीं, इनके घर से निकलने के पहले इनके घर के लोगों का फोन मेरे पास आया की भैया रेमन FIR करने के लिए जा रही हैं। आप वहां पर एक आवेदन भिजवा दीजिए। मैंने परिवार के कहने के बाद आवेदन थाने पर भिजवाया और कहा कि हम सरकारी जमीन पर दुकान बनवा रहे हैं।
एकतरफा हुई एफआईआर, मेरा पक्ष नहीं जाना
सूरज ने बताया कि मुझ पर इस मामले में सीधे एफआईआर हुई है। इसमें मुझसे किसी ने बात करने की कोशिश नहीं की। मुझे लगता है पुलिस को एफआईआर लिखने से पहले मेरे से बात करना चाहिए थी, मेरा पक्ष लेना चाहिए था। रात को 9:30 बजे की FIR की कॉपी मेरे पास मीडिया के माध्यम से आई। रेमन भी उस जमीन में मालिक हैं यह मुझे जानकारी नहीं थी।
परिवार ने रजक के आरोपों को नकारा सूरज रजक का आरोप है कि एक्ट्रेस रेमन के भाई रणधीर और उनके परिवार ने 50 लाख रुपए सालाना किराए पर जमीन देने के लिए सहमति दी है, इस आरोपों पर रणधीर का कहना है कि यह झूठ है हमारी कोई बात नहीं हुई। हमने कोई सहमति नहीं दी।