इंदौर के एरोड्रम इलाके में नकली टाटा नमक फैक्ट्री पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 840 पैकेट और 1850 किलो कच्चा माल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

इंदौर के एरोड्रम इलाके में टाटा नमक की नकली पैकिंग करने वाली फैक्ट्री पर पुलिस ने दबिश दी। यहां से 840 पैकेट नकली नमक और 1850 किलो कच्चा माल और मशीनरी जब्त की। पूछताछ में ये बात निकलकर सामने आई है कि आरोपी दिल्ली से पैकेजिंग का सामान बुलवाता था। सोमवार को पुलिस ने मामले का खुलासा किया।

एरोड्रम टीआई तरुण सिंह भाटी ने बताया कि इंदौर में टाटा कंज्यूमर प्रोटक्ट लिमिटेड के टेक्निकल एक्सपर्ट ने लिखित शिकायत की थी कि इंदौर में कंपनी के ब्रांड टाटा नमक की नकली पैकेजिंग कर बाजार में बेचा जा रहा है। इससे कंपनी और शासन को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लोकनायक नगर में एक जगह पर दबिश दी और मौके से जितेंद्र गुप्ता को पकड़ा। वह बड़े स्तर पर नकली नमक की पैकेजिंग करने का काम कर रहा था। उसके पास से लगभग 1 लाख रुपए से ज्यादा माल जब्त किया है।

इसमें मुख्य रूप से 840 पैकेट (1 किलो) नकली टाटा नमक, 1850 किलो कच्चा नमक, 980 खाली ब्रांडेड पैकेजिंग, 32 खाली कट्टे, वेइंग मशीन, पैकिंग मशीन, सिलाई मशीन और डिजिटल तराजू जब्त किया है।

पुलिस ने जब्त किए नकली टाटा नमक के पैकेट व अन्य सामान।

दिल्ली से बुलवाता था पैकेजिंग का सामान

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नकली पैकेजिंग का सामान (ब्रांडेड कट्टे/पॉलीथिन) दिल्ली से मंगवाता था और स्थानीय स्तर पर सस्ते कच्चे नमक को पैक कर टाटा नमक के नाम से आसपास के इलाकों में बेचता था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ कर ओर भी जानकारी निकाली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *