
क्या आपने कभी रामबुतान फल के बारे में सुना है? अगर आप इस फल के बारे में जानते हैं तो अच्छी बात है, लेकिन अगर नहीं जानते आपको बता दें कि यह विटामिन और खनिज पदार्थों का बहुत ही अच्छा स्रोत है। इस फल के बीज से लेकर छिलके, पेड़ की छाल और पत्ते तक शरीर के लिए लाभदायक होते हैं। इस फल के छिलके में एंटी-कैंसर गुण पाए जाते हैं, जबकि इसका बीज डायबिटीज में लाभकारी होता है। वहीं, इसके पत्तों का रस सिर की त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करता है, जबकि इसके पेड़ की छाल का इस्तेमाल घावों का इलाज करने में किया जाता है।
पाचन को बेहतर बनाता है रामबुतान फल
इस फल में पर्याप्त मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन तंत्र के लिए लाभकारी हो सकता है। इसके सेवन से कब्ज को दूर करने में मदद मिलती है। इसके अलावा यह फल एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भी भरपूर होता है, जो आंतों के लिए फायदेमंद होता है।
हड्डियों को बनाता है मजबूत
इस फल में कैल्शियम, जिंक, पोटैशियम, फास्फोरस, मैंगनीज, लौह और मैग्नीशियम जैसे खनिज भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ये सभी खनिज हड्डियों की ताकत के लिए जरूरी होते हैं। ऐसे में इस फल का सेवन हड्डियों को मजबूत करने में मदद कर सकता है।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है यह फल
इस फल को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी कारगर माना जाता है। दरअसल, इसमें तांबा पाया जाता है, जो शरीर द्वारा आयरन का इस्तेमाल करके हीमोग्लोबिन का उत्पादन करने में मदद करता है, ताकि प्रतिरक्षा तंत्र को मजबूत और स्वस्थ बनाया जा सके।
डायबिटीज में भी फायदेमंद हो सकता है रामबुतान फल
चीन में किए गए एक अध्ययन के मुताबिक, इस फल के छिलके में डायबिटीज से लड़ने वाले गुण होते हैं। दरअसल, इसके छिलके का अर्क डायबिटीज से पीड़ित चूहों में रक्त ग्लूकोज के स्तर को कम करने में प्रभावी पाया गया है।