लसूड़िया केस: 5 पुलिसकर्मियों पर शिकायत करने वाला गौरव जैन खुद निकला आरोपी, कई शहरों में केस और धमकी के आरोप; पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल

इंदौर के लसूड़िया में 5 पुलिसकर्मियों की शिकायत करने वाला व्यापारी गौरव जैन आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ ग्वालियर में 2 और झाबुआ व शाजापुर में एक-एक गिरफ्तारी वारंट हैं। मारपीट और चेक बाउंस के मामले भी दर्ज हैं।

लसूड़िया में एसआई संजय विश्नोई, हेड कांस्टेबल रणवीर कुशवाह, प्रणीत भदौरिया, दिनेश गुर्जर और दीपेन्द्र मिश्रा के खिलाफ गौरव जैन ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। इसके बाद पांचों को सस्पेंड किया गया था। अब सामने आया है कि शिकायत करने वाला गौरव जैन खुद अपराधी है।

धमकाते हुए 100 से ज्यादा बार किया कॉल

गौरव से जुड़ा एक केस सामने आया है। कुछ दिन पहले रिटायर्ड एसीपी राकेश गुप्ता ने बताया था कि गौरव ने उन्हें 100 से ज्यादा बार कॉल किए। उन्होंने मानसिक प्रताड़ना की शिकायत की थी। इस पर एफआईआर हुई थी। राकेश गुप्ता ने ऑडियो रिकॉर्डिंग भी दी थी, जिसमें गौरव उन्हें खुलेआम धमका रहा था।

गौरव जैन के घर के बाहर खड़े पुलिसकर्मी।

जज के पति के खिलाफ पत्नी ने किया था केस

जानकारी के अनुसार, गौरव की पत्नी ने जज के पति विवेक के खिलाफ महिला संबंधी अपराध का केस दर्ज कराया था। गौरव जिस फ्लैट में पत्नी-बेटे के साथ रहता है, वह किराए का है और उसका एग्रीमेंट बना था।2020 में फ्लैट खाली नहीं करने को लेकर विवेक के खिलाफ शिकायत हुई थी। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। समझौते के लिए गौरव विवेक से फ्लैट की मांग कर रहा है। विवेक भी गौरव पर अपशब्द और धमकी की एफआईआर करा चुके हैं।

गौरव के घर के अंदर कार्रवाई करते पुलिसकर्मी।

शिकायत- पुलिस जबरन घर में घुसी, कैश-गोल्ड ले गए

गौरव जैन ने 16 अप्रैल को पुलिस कमिश्नर और डीसीपी को शिकायत की थी कि एसआई सहित पांच पुलिसकर्मी वारंट तामिली में उसके घर जबरन घुसे। उन्होंने कैमरे तोड़े और फ्लैट का ताला तोड़ा। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर ग्वालियर ले गए।वहां पुलिसकर्मी राकेश शर्मा ने उससे 27 हजार रुपए लिए। इस मामले में राकेश को छोड़कर बाकी पुलिसकर्मियों को डीसीपी ने थाने से हटा दिया था। गौरव ने सोना ले जाने का आरोप भी लगाया था।

गौरव द्वारा पुलिस को दिखाई गई तिजोरी जिसमें सोना ले जाने का जिक्र किया था।

कमिश्नर बोले- जो भी गलत है, उस पर एक्शन लेंगे

पुलिसकर्मी राकेश शर्मा का बेटा किराए की कार चलाता है। उसने गौरव से बस या ट्रेन से जाने को कहा था। लेकिन गौरव ने निजी कार से जाने का आग्रह किया। इसके बाद राकेश ने कार बुलवाई और किराया व रुकने का खर्च लिया था। हालांकि गौरव इसे रिश्वत बता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *