
जोलू बाबू’… अब तुम्हारे पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया है…
जोलू बाबू, तुम्हें यह सुनकर हैरानी होगी कि पश्चिम बंगाल में अब भाजपा की सरकार बन रही है। हो सकता है कि यह सपना तुमने बहुत पहले देख लिया हो, लेकिन अब यह सच हो गया है। कभी एनडीए की साथी रही तृणमूल कांग्रेस पिछले पन्द्रह साल से पश्चिम बंगाल में सत्ता में थी। और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री थीं। लेकिन भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर ममता को पूर्व सीएम बना दिया है। दीदी भी जिद्दी, और उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया, इसलिए राज्यपाल को अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते हुए 7 मई 2026 को विधानसभा भंग कर दीदी को पदच्युत करना पड़ा।
आज हम जोलू बाबू की बात इसलिए कर रहे हैं क्योंकि 8 मई उनका जन्मदिन है। तो आइए अब हम जानते हैं कि यह जोलू बाबू कौन हैं? बंगाल भाजपा में सत्यब्रत मुखर्जी को ‘जोलू बाबू’ के नाम से जाना जाता था। 1999 में वह ऐसे समय में सांसद चुने गए थे, जब बंगाल में भाजपा का कोई जनाधार नहीं था।
सत्यब्रत मुखर्जी (जन्म- 8 मई, 1932; मृत्यु- 3 मार्च, 2023) भारतीय राजनीतिज्ञ और लोकसेवी थे। वह अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में केंद्रीय राज्य मंत्री थे। इसी के साथ वह भारत के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भी रहे थे। उस वक्त भाजपा यहां तृणमूल (टीएमसी) पार्टी के साथ गठबंधन में थी। सांसद चुने जाने के बाद 1999 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में सत्यब्रत मुखर्जी को राज्यमंत्री बनाया गया था। वे वाजपेयी के करीबी नेताओं में माने जाते थे। वर्ष 2024 में भारत सरकार ने सत्यब्रत मुखर्जी को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया है।
सत्यब्रत मुखर्जी का जन्म 8 मई, 1932 को असम के सिलहट में हुआ था। एक समय देश राजनीति में सत्यब्रत मुखर्जी जाना-माना नाम थे। खासकर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख चेहरे के रूप में उनकी गिनती होती थी।
बंगाल भाजपा में सत्यब्रत मुखर्जी को ‘जोलू बाबू’ के नाम से जाना जाता था। 1999 में वह ऐसे समय में सांसद चुने गए थे, जब बंगाल में भाजपा का कोई जनाधार नहीं था। हालांकि उस समय भाजपा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के साथ गठबंधन में थी। वहीं सांसद बनने के बाद वह तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में राज्यमंत्री बनाए गए थे। वो अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी लोगों में से एक माने जाते थे। सत्यब्रत मुखर्जी एक जुझारु नेता थे। बंगाल में अपनी पार्टी के कठिन दौर में भी उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई। वह 2008 तक प्रदेश अध्यक्ष रहे। वह एक राजनीतिज्ञ के साथ-साथ बड़े जाने माने वकील के रूप में भी प्रसिद्ध थे।बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री सत्यब्रत मुखर्जी का निधन 3 मार्च, 2023 को हुआ। उन्होंने 91 साल की उम्र में आवास पर अंतिम सांस ली। सन 1999 से 2004 तक वह अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में रसायन और उर्वरक-वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री थे।
तो पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर.एन. रवि ने 7 मई 2026 को राज्य विधानसभा को भंग करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। कोलकाता गजट में प्रकाशित इस नोटिफिकेशन के बाद ममता बनर्जी की सरकार संवैधानिक रूप से खत्म हो गई है और अब वे मुख्यमंत्री नहीं रही हैं।जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक राज्यपाल आर.एन. रवि ने विधानसभा को भंग कर दिया है और यह फैसला 7 मई 2026 से लागू हो गया है। इसका सीधा मतलब है कि अब राज्य में न कैबिनेट बची है और न ही ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद पर हैं। इस्तीफे को लेकर चल रही खींचतान के बीच यह बदलाव संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लागू हुआ। गजट नोटिफिकेशन के मुताबिक, राज्यपाल ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174 (2)(b) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल किया है।
तो जोलू बाबू, जो ममता कभी भाजपा की सहयोगी थी। उन्हें भाजपा ने न केवल सत्ता से बाहर किया है, बल्कि निर्ममता से मुख्यमंत्री पद से भी हटा दिया है। अब आजादी के 78 साल बाद पश्चिम बंगाल भगवामय हो गया है। और
इस्तीफा न देने की वजह से संविधान के तहत ममता की सरकार को भंग कर दिया गया है। तो ‘जोलू बाबू’… अब तुम्हारे पश्चिम बंगाल में कमल खिल गया है… हालांकि, विपक्ष इसे चुनाव आयोग की धांधली का परिणाम मान कर खफा है।

कौशल किशोर चतुर्वेदी
कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं