इंदौर में सड़े आलू से बनते मिले बेक समोसे: बिना लाइसेंस चल रही बेकरी पर खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 300 समोसे नष्ट कर प्रतिष्ठान कराया बंद

इंदौर में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शहर के विभिन्न बेक समोसा बनाने वाले प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान छोटा बांगड़दा स्थित आदित्य राज बेकरी में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार मौके पर ही बंद करा दिया गया।

खाद्य विभाग की टीम ने बेक समोसा, क्रीम रोल, चटनी, नमकीन और व्हिप क्रीम के नमूने जांच के लिए लिए।

कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस भी नहीं

निरीक्षण के दौरान बेकरी में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार होती पाई गई। टीम को मौके पर प्रतिष्ठान का वैध खाद्य लाइसेंस भी उपलब्ध नहीं मिला। परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई थी और काम कर रहे कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी नहीं पाए गए।

जांच में बिना लेबल लगी सॉस और ग्रीन चटनी का उपयोग होते मिला। वहीं बेक समोसे में इस्तेमाल होने वाला आलू का मसाला सड़ा हुआ पाया गया।खाद्य विभाग ने मौके पर ही लगभग 300 बेक समोसे, सड़ा आलू मसाला, 10 बोतल चटनी और केक नष्ट करवाए।

 

बेकरी में जांच करती खाद्य विभाग की टीम।

कच्ची खाद्य सामग्री गंदगी में रखी

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि परिसर की टाइल्स टूटी हुई थीं और कच्ची खाद्य सामग्री गंदगी वाले स्थान पर जमीन पर रखी गई थी। पीछे के हिस्से में खराब और अनुपयोगी सामग्री पड़ी मिली, जहां से तेज दुर्गंध आ रही थी।

गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने तत्काल प्रतिष्ठान का संचालन बंद करवा दिया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया जा रहा है। निर्धारित समय में सुधार नहीं किए जाने पर खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।

अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए गए सैंपल

कार्रवाई के दौरान स्कीम नंबर-103 स्थित सुख सिस्टर बेकरी से भी बेक समोसे का सैंपल जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों से बेक समोसा, क्रीम रोल, चटनी, नमकीन और व्हिप क्रीम के नमूने लेकर राज्य खाद्य परीक्षण लैब भेजे जा रहे हैं।उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट, बिना लाइसेंस कारोबार या अन्य अनियमितता दिखाई दे तो इसकी शिकायत तत्काल कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर करें, ताकि त्वरित जांच और कार्रवाई की जा सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *