बैतूल में गणेश विसर्जन जुलूस देखने गई 17 वर्षीय छात्रा की मौत, जेएच कॉलेज में चक्कर खाकर गिरी; परिजनों ने तेज DJ साउंड को बताया वजह, डॉक्टरों ने जताई कार्डियक अरेस्ट की आशंका

बैतूल के जेएच कॉलेज में गणेश प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान शुक्रवार रात 17 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची छात्रा को चक्कर आया और वह बेहोश हो गई।परिजन और साथी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजन ने डीजे की तेज आवाज को मौत की वजह बताई है।

परिजन और साथी छात्रा को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हालांकि, पुलिस और डॉक्टरों ने मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग

छात्रा के परिजन ने शनिवार सुबह एसपी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में बताया कि डीजे के अत्यधिक शोर के कारण प्रतीक्षा को चक्कर आया और वह गिर गई।परिजन ने डीजे संचालक और कॉलेज परिसर में डीजे बजाने की अनुमति देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डीजे साउंड को लेकर कोर्ट जाने की भी तैयारी की जा रही है।

बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी प्रतीक्षा

मृतका प्रतीक्षा वर्मा सुहागपुर ढाना की रहने वाली थी। वह बैतूल में रहकर जेएच कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की पढ़ाई और एसएससी जीडी की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार रात वह छोटी बहन वेदिका के साथ कॉलेज में गणेश प्रतिमा के दर्शन करने पहुंची थी।

अचानक चक्कर आया, फिर बेहोश हुई

बहन वेदिका के मुताबिक, कॉलेज परिसर में डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था। इसी दौरान प्रतीक्षा को चक्कर आया। उसे जुलूस से अलग बैठाया गया और परिवार को सूचना दी गई। इसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। वेदिका के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक प्रतीक्षा बेहोश थी।

डॉक्टर बोले- कार्डियक अरेस्ट जैसी स्थिति

जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर डॉ. निशांत यादव ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय छात्रा की कैरोटिड पल्स नहीं थी और वह ब्रेन स्टेट में थी। ईसीजी में फ्लैट लाइन आई। इसके बाद छात्रा को मृत घोषित किया गया।

डॉक्टर के मुताबिक, शुरुआती तौर पर स्थिति कार्डियक अरेस्ट जैसी लग रही थी। छात्रा को पहले से हृदय संबंधी कोई बीमारी थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। डॉक्टर के अनुसार, पहले से हृदय संबंधी समस्या रही हो तो ऐसी स्थिति संभव हो सकती है।

परिजन के मुताबिक, कॉलेज परिसर में डीजे काफी तेज आवाज में बज रहा था।

बचपन में हृदय संबंधी समस्या की जानकारी

एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम ने बताया कि पुलिस को रात करीब 9.30 बजे घटना की जानकारी मिली थी। छात्रा गणेश प्रतिमा के दर्शन करने गई थी। वहां चक्कर आने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया।पुलिस के अनुसार, छात्रा को बचपन में हृदय संबंधी समस्या होने की जानकारी सामने आई है। मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

चाचा बोले- डीजे बेहद तेज आवाज में था

छात्रा के चाचा मोहनदास ने आरोप लगाया कि विसर्जन के दौरान डीजे बेहद तेज आवाज में बज रहा था। उनका कहना है कि इसी तेज शोर के कारण छात्रा को अटैक आया। उन्होंने डीजे संचालक और कॉलेज परिसर में डीजे बजाने की अनुमति देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पुलिस का कहना है कि डीजे की आवाज और छात्रा की मौत के बीच सीधा संबंध सामने नहीं आया है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

अस्पताल में छात्रा की हालत की जानकारी लेते परिजन।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस-प्रशासन के मुताबिक, जांच में निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाने की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छात्रा का शव जिला अस्पताल में रखा गया है।पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंपा जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच से यह स्पष्ट होगा कि छात्रा की मौत का वास्तविक कारण क्या था और डीजे की तेज आवाज की इसमें कोई भूमिका थी या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *